नई दिल्ली। एक बार फिर से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंदर केजरीवाल और उपराज्यपाल अनिल बैजल के बीच ठन गई है। नाराज सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर उपराज्यपाल अनिल बैजल पर जमकर हमला बोला है। दरअसल उपराज्यपाल अनिल बैजल ने दिल्ली सरकार द्वारा नियुक्त 14 वकीलों के पैनल को ‘‘ अवैध ’’ करार दिया है। एलजी अनिल बैजल ने दिल्ली के मुख्य सचिव को आदेश देकर कहा कि दिल्ली सरकार ने बीते साल नवंबर में जो 14 वकीलों को पैनल पर डाला था उनकी नियुक्ति बिना एलजी की मंज़ूरी और नियमों के मुताबिक नहीं है। इसलिए इनका भुगतान ना किया जाए। उपराज्यपाल के आदेश के बाद मुख्य सचिव ने एलजी के आदेश का पालन करते हुए लेखा विभाग को इस बारे में अवगत कर दिया। इस बात से गुस्साए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर उपराज्यपाल पर निशाना साधा। सीएम केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘हमारे सभी सलाहकार खारिज, सीसीटीवी खारिज, घर पर राशन पहुंचाया जाना खारिज, एलजी साहब कुछ रचनात्मक कीजिए, हर चीज खारिज - खारिज - खारिज।’’आपको बता दें कि दिल्ली सरकार ने इंदिरा जयसिंह, कोलिन गोंजाल्विस, आनंद ग्रोवर, संजय हेगड़े, रेबेका जॉन, अनूप जॉर्ज चौधरी समेत कुल 14 बड़े वकीलों को दिल्ली सरकार का पक्ष दिल्ली हाई कोर्ट में रखने और सलाह देने के लिए पैनल पर डाला था।