
मोदी सरकार पर कांग्रेस नेता मनीष तिवारी का करारा तंज, 'बहुत मजेदार है'
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने मोदी सरकार पर जबर्दस्त तंज कसा है। उन्होंने एनडीए सरकार के नेताओं के दूसरे के मंत्रालयों से जुड़े मसलों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने को लेकर कहा, 'कोई भी मंत्री अपने कामकाज के बारे में बात नहीं कर रहा है, लगता है कि सामूहिक जिम्मेदारी को फिर से परिभाषित किया गया है।' अपने बयान में तिवारी ने वित्त मंत्री अरुण जेटली, कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण जैसे कद्दावर मंत्रियों का जिक्र करते हुए मोदी सरकार पर जबर्दस्त चुटकी ली।
'यह वास्तव में मजेदार सरकार है'
तिवारी ने ट्वीट में कहा, 'यह वास्तव में मजेदार सरकार है। वित्त मंत्री (अरुण जेटली) कानूनी मामलों पर फेसबुक पोस्ट लिखते हैं, कानून मंत्री (रविशंकर प्रसाद) रक्षा मामलों पर कॉन्फ्रेंस करते हैं और रक्षा मंत्री (निर्मला सीतारमण) वित्त मामलों पर बात कर रही हैं। कोई भी मंत्री अपने मंत्रालय के कामकाज के बारे में बात नहीं करता।'
जेटली के ब्लॉग पर तिवारी ने किया था पलटवार
मनीष तिवारी की यह टिप्पणी जेटली के ब्लॉग पर न्यायिक प्रक्रिया के संबंध में लिखी गई पोस्ट के बाद आई है। जेटली ने न्यायिक नियुक्ति की सिफारिश को कॉलेजियम के पास वापस भेजे जाने के सरकार के फैसले पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया को लेकर आलोचना की है। उन्होंने न्यायाधीशों के वरीयता क्रम के उल्लंघन और फैसलों को प्रभावित करने के पुराने मामलों का भी जिक्र किया था।
...इस विवाद पर सामने आई थी जेटली की प्रतिक्रिया
गौरतलब है कि हाल ही में उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश केएम जोसेफ को सुप्रीम कोर्ट में जज बनाने के मसले पर जमकर विवाद हुआ था। कांग्रेस समेत विपक्ष ने इसे बदले की भावना से की गई कार्रवाई करार दिया था।विपक्ष का कहना था कि उत्तराखंड में हरीश रावत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को तोड़ने की भाजपा की कोशिशों को जस्टिस जोसेफ ने खारिज कर दिया था। इसी लिए उन्हें न्यायाधीश बनने का मौका नहीं मिला।
Published on:
11 Jun 2018, 4:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.