पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में करारी हार के बाद सोनिया गांधी की अध्यक्षता में रविवार को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हुई। इस बैठक में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई बड़े नेता शामिल हुए। इस बैठक को लेकर अटकलें थीं कि सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी दोनों ही अपने पदों से इस्तीफा दे सकते हैं और कोई नया चेहरा पार्टी अध्यक्ष बनाया जा सकता है। इसके लिए जल्द ही सोनिया गांधी घोषणा भी कर सकती हैं। हालांकि, इस बैठक के बाद ये साफ हो गया है कि फिलहाल गांधी परिवार के हाथ में ही कमान रहेगी, परंतु नए चेहरे को लेकर भी फैसला आ सकता है। इस बीच कांग्रेस के एक नेता ने ये भी हिंट दिया है कि राहुल गांधी एक बार फिर से पार्टी के अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं।