
दिग्विजय सिंह ने ली चुटकी, बोेले- चुनाव आते ही भाजपा को राम मंदिर याद आ जाता है
पटना। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने यहां बुधवार को राम मंदिर निर्माण को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनाव आते ही उन्हें राम मंदिर याद आ जाता है और चुनाव समाप्त होते ही उसे वे भूल जाते हैं। सिंह ने पटना में संवाददाताओं से बातचीत में लड़ाकू विमान रफाल की खरीदारी में कथित रूप से हुए घोटाले को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। बातचीत के दौरान दिग्विजय ने महागठबंधन की बात करते-करते जनता पार्टी की सफलता का भी उदाहरण दिया।
महागठबंधन को लेकर कोई संशय नहीं
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार रफाल मामले को लेकर झूठ बोल रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष सरकार से लगातार रफाल की कीमत पूछ रहा है, आखिर क्या कारण है कि सरकार उसकी कीमत नहीं बता रही। इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्होंने इस्तीफे की मांग की। उन्होंने महागठबंधन के विषय में पूछे जाने पर कहा कि महागठबंधन को लेकर कहीं कोई संशय नहीं है।
जनता पार्टी की सफलता का दिया उदाहरण
चुनाव के पहले महागठबंधन का स्वरूप बनेगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि 1977 में जनता पार्टी का महागठबंधन चुनाव के कुछ ही दिन पहले बना था। इस बार महागठबंधन का बड़ा स्वरूप बनेगा और कामयाब होगा। गौरतलब है कि इन दिनों जिस महागठबंधन की बात ममता बनर्जी जैसे बड़े नेता कर रहे हैं उसमें कांग्रेस को भी बाहर रखने की बात कही जा रही है। मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए सिंह ने कहा कि भाजपा का वहां हार तय है। पेट्रोल और डीजल के मूल्यों में हो रही वृद्धि के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने बेबाक कहा, 'मोदी जी से पूछिए।'
Published on:
3 Oct 2018, 5:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.