
ED ने रॉबर्ट वाड्रा को आज फिर बुलाया, कल 5 घंटे तक हुई थी पूछताछ
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के दामाद और प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा से ईडी दफ्तर में मनी लॉन्डरिंग से जुड़े मामले में लगभग 5 घंटे तक अधिकारियों ने पूछताछ की। ईडी के अधिकारियों ने उन्हें पांच घंटे के दौरान करीब 40 से 50 सवाल पूछे। इसके बावजूद वाड्राइंग को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों ने आज फिर पूछताछ के लिए बुलाया है। बताया जा रहा है कि कल पांच घंटे तक चली पूछताछ से ईडी के अधिकारी खुश नहीं हैं। इसलिए उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उन्हें गुरुवार सुबह 10:30 बजे बुलाया गया है।
लंदन में संपत्ति की बात को खारिज किया
जानकारी के मुताबिक रॉबर्ट वाड्रा ने लंदन में किसी भी तरह की संपत्ति होने से इनकार किया। उन्होंने यह भी कहा कि उनका संजय भंडारी से कोई लेना-देना नहीं है। प्रवर्तन निदेशालय गुरुवार को भी वाड्रा से पूछताछ करेगा। बता दें कि इससे पहले रॉबर्ट वाड्रा को उनकी पत्नी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ईडी दफ्तर छोड़ने गईं थीं। यह पहला मौका है जब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के जीजा वाड्रा संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के आपराधिक आरोपों के सिलसिले में किसी जांच एजेंसी के समक्ष पेश हुए हैं।
मैं अपने पति के साथ हूं
प्रियंका ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं अपने पति के साथ हूं। वाड्रा की पत्नी प्रियंका गांधी सफेद टोयोटा लैंड क्रूजर गाड़ी में उनके साथ थीं। उनके पीछे एसपीजी के सुरक्षाकर्मियों की गाड़ियां थीं। उन्होंने वाड्रा को मध्य दिल्ली के जामनगर हाउस स्थित ED के दफ्तर के सामने छोड़ा और वहां से फौरन अपनी गाड़ियों के काफिले के साथ रवाना हो गईं। वाड्रा करीब तीन बजकर 47 मिनट पर ईडी के दफ्तर पहुंचे। उनके वकीलों का एक दल पहले ही वहां पहुंच चुका था।
Updated on:
07 Feb 2019 09:56 am
Published on:
07 Feb 2019 07:51 am
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
