
ghgh
नई दिल्ली। देश के बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में दोषी राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। लंबी बीमारी से जूझ रहे लालू की मुश्किलें अब झारंखड हाईकोर्ट ने और बढ़ा दी हैं। झारखंड कोर्ट ने पूर्व सीएम लालू यादव की जमानत आगे बढ़ाने से साफ इनकार कर दिया है। इसके साथ ही उनको 30 अगस्त तक सरेंडर करने का भी आदेश दिया है। आपको बता दें कि लालू प्रसाद यादव की ओर से कोर्ट में अपील की गई थी कि उनकी जमानत को तीन माह तक के लिए आगे बढ़ा दिया जाए।
हाईकोर्ट में इस मामले पर सुनवाई
दरअसल, शुक्रवार को हाईकोर्ट में इस मामले पर सुनवाई की गई। इस दौरान सीबीआई ने कोर्ट को बताया गया कि लालू मुंबई से इलाज कराकर सीधा अपने घर चले जाते हैं। सीबीआई की ओर से बताया गया कि लालू यादव जमानत का नाजायज फायदा उठा रहे हैं। आपको बता दें कि लालू प्रसाद यादव लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। इस बीच इन्फेक्शन की शिकायत होने पर उनको एशियन हार्ट इंस्टिट्यूट मुंबई में भर्ती कराया गया था। पिछले दिनों पिता लालू प्रसाद को देखने हॉस्पिटल पहुंचे तेजस्वी यादव ने ट्विटर के माध्यम से उनकी तबीयत की जानकारी दी थी। तेजस्वी यादव ने कहा था कि वो पिता लालू की बीमारी को लेकर काफी चिंतिंत हैं और सबसे उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए कामना करने की अपील करते हैं।
हॉस्पिटल में इलाज रहा चल
उधर, लालू प्रसाद के वकील प्रभात कुमार ने कहा है कि उनका हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। लालू मुंबई के एशियन हार्ट इंस्टिट्यूट में भर्ती हैं, जहां से उनको रांची लाया जाना है। यहां रांची में अब उनका इलाज राजेंद्र इंस्टीटयूट आॅफ मेडिकल साइंस में कराया जाएगा।
Updated on:
24 Aug 2018, 2:42 PM IST
Published on:
24 Aug 2018, 1:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.