नई दिल्ली: अयोध्या में भगवान राम के मंदिर और बाबरी मस्जिद को लेकर सियासी बयानबाजियां एक बार फिर से शुरु हो गई हैं। हालांकि मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है, लेकिन इसके बाद सियासी लोग बयानबाजियों से माहौल को गर्म रखने की कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। सबसे पहले शुरुआत की AIMIM के नेता और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने, जिन्होंने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि हम विवादित जमीन पर बाबरी मस्जिद का दावा कभी नहीं छोड़ेंगे, हमारी मस्जिद थी, है, रहेगी और इंशाल्लाह सुप्रीम कोर्ट का फैसला हमारे पक्ष में आने के बाद यह एक बार फिर से उसी जगह पर बनेगी।' ओवैसी ने कहा, 'मुझे यकीन है कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला आस्था के आधार पर नहीं बल्कि सबूतों के आधार पर होगा।'