
बीमार पर्रिकर को दिग्गज नेता ने दिया झटका, बोले- नौकरी न होने से अवैध काम कर रहे गोवा के युवा
पणजी। गोवा में भारतीय जनता पार्टी के विधायक और विधानसभा के उपाध्यक्ष माइकल लोबो ने बेरोजगारी के मसले पर अपनी ही पार्टी की गठबंधन सरकार की आलोचना की है। लोबो ने कहा कि राज्य में युवाओं को सरकारी नौकरियां नहीं मिल रही हैं और बेरोजगारी के कारण लोग परेशान हैं।
अवैध काम कर रहे बेरोजगारी से त्रस्त युवा
प्रदेश में हाल ही में हुए मंत्रिमंडल के फेरबदल में लोबो मंत्री पद के दावेदार थे लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर पैदा नहीं होने से युवा या तो मजबूरन प्रदेश छोड़ रहे हैं या फिर अवैध गतिविधियों में लिप्त हो रहे हैं।
युवा बेरोजगार रहेंगे तो विकास का कोई अर्थ नहीं
लोबो ने मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को लिखे अपने पत्र में कहा, 'इसमें कोई संदेह नहीं कि आपके नेतृत्व में पिछले कुछ वर्षों के दौरान गोवा में हर क्षेत्र में काफी तरक्की हुई है, लेकिन युवा अगर बेराजगार होंगे तो फिर विकास का कोई अर्थ नहीं होगा।'
...ऐसे वक्त में आया लोबो का बयान
लोबो का यह बयान उस समय आया है, जब पर्रिकर की लंबी बीमारी को लेकर पैदा हुई चिंता के बाद से राज्य में भाजपा की अगुवाई में गठबंधन की सरकार को अस्थिरता का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में राज्य में मुख्यमंत्री बदलने को लेकर भी चर्चा हुई थी, हालांकि बाद में केंद्रीय नेतृत्व ने साफ कर दिया कि पर्रिकर ही सीएम बने रहेंगे। इस बीच कांग्रेस ने भी राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
Published on:
05 Oct 2018 06:17 pm
