
जम्मू-कश्मीर: विरोधियों पर बरसे पीएम मोदी, कहा- चुनाव आते ही कांग्रेस पर कर्जमाफी का बुखार चढ़ जाता है
श्रीनगर। आम चुनाव करीब है और राजनीतिक दलों के बीच सियासी संग्राम शुरू हो गया है। अपने विरोधियों को पस्त करने के लिए धुआंधार रैलियां कर रहे हैं और एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इसी कड़ी में पीएम मोदी ने रविवार को जम्मू-कश्मीर में एक रैली को संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी विरोधियों पर जमकर बरसे और कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस पार्टी को कर्ज माफी का बुखार चढ़ जाता है। कांग्रेस पार्टी की नीयत कभी किसानों को कर्ज से मुक्त करने की रही ही नहीं, किसानों के नाम पर कांग्रेस हमेशा बिचौलियों की जेब भर्ती आई है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि परसों जब हमारे वित्त मंत्री बजट पढ़ रहे थे तो विपक्ष का चेहरा लटका हुआ था, वो अपना होश गवां बैठे थे। परसों बजट में घोषित की गई पीएम किसान सम्मान योजना का लाभ केवल एक बार नहीं मिलेगा, बल्कि हर वर्ष मिलने वाला है।
पीएम मोदी ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां
आपको बता दें कि पीएम मोदी ने अपने संबोधन में सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने अपने भाषण की शुरूआत करते हुए कहा कि मां वैष्णों की छत्रछाया में जम्मू में एक बार फिर आना, मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मैं जब भी यहां आता हूं तो यहां की उर्जा मुझे और ज्यादा शक्ति से अपना काम करने को प्रेरित करती है। अपने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जम्मू और कश्मीर में पिछले 70 साल में 500 एमबीबीएस सीटें थीं, जो भाजपा सरकार के प्रयास से अब दो गुनी होने वाली हैं। दूर-दराज के इलाकों को जोड़ने, यहां की सड़क नेटवर्क को सुधारने के लिए भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री विकास पैकेज में 40 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। केंद्र सरकार युवाओं को समान अवसर देने के लिए समर्पित है। हाल में ही सरकारी सेवाओं और शिक्षण संस्थानों में गरीब सामान्य वर्ग के युवाओं को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला लिया गया है। पीएम ने आगे कहा कि केंद्र की सरकार मेरे कश्मीरी पंडित, कश्मीरी विस्थापित भाइयों और बहनों के अधिकारों, उनके सम्मान और उनके गौरव के लिए समर्पित है, प्रतिबद्ध है। हमारी सरकार नागरिकता कानून में संशोधन का प्रस्ताव लाई है। ये उस संकल्प का हिस्सा है, जिसके द्वारा हम उन सभी लोगों के साथ खड़े रहेंगे, जो कभी भारत का हिस्सा थे और 1947 में बनी परिस्थितियों के चलते हमसे अलग हो गए।
किसानों को हर वर्ष मिलेंगे 6 हजार रुपए: मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि देश के 70 साल के इतिहास में पहली बार देश के 12 करोड़ से अधिक छोटे किसान परिवारों जिनके पास 5 एकड़ तक की ज़मीन है, उनको अब हर वर्ष 6,000 रुपए सीधे बैंक खाते में भेजे जाएंगे। कांग्रेस ने 10 वर्ष पहले 2008 में चुनाव जीतने के लिए किसानों के लिए कर्जमाफी का ऐलान किया था। देश के किसानों पर उस समय 6 लाख करोड़ रुपए का कर्ज़ था, माफ किया 52 हज़ार करोड़ रुपए का। इसमें से भी 30-35 लाख ऐसे लोगों की कर्ज़माफी कर दी गई जो इसके हकदार ही नहीं थे। पीएम ने सेनाओं के संदर्भ में बोलते हुए कहा कि हर शहीद के परिवार को विश्वास दिलाता हूं कि देश की सरकार आपके साथ, हर कदम पर खड़ी रहेगी। मैं सीमा पार से गोलाबारी का सामना कर रहे परिवारों को भी आश्वस्त करता हूं कि उनकी सुरक्षा के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों जम्मू कश्मीर में हुए पंचायत चुनाव में जिस तरह लोगों ने हिस्सा लिया जिसमें 70 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ और हिंसा की कोई घटना नहीं हुई, वो अभूतपूर्व है। एक तरफ तो दुश्मन को करारा जवाब दिया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ सीमा पर 14 हजार बंकर बनाए जा रहे हैं, ताकि आप सभी सुरक्षित रह सकें।
Read the Latest India news hindi on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले India news पत्रिका डॉट कॉम पर.
Updated on:
03 Feb 2019 05:00 pm
Published on:
03 Feb 2019 02:51 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
