
नई दिल्ली। भूमि अधिग्रहण कानून 2013 में संशोधन के विरोध में झारखंड की विपक्षी पार्टियों ने आज ‘झारखंड बंद’ का आह्वान किया है। 12 घंटे के बुलाए गए झारखंड मुक्ति मोर्चा के इस बंद को कांग्रेस, जेवीएम, आरजेडी और वाम दलों ने भी समर्थन दिया है। झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकों में बंद का असर देखने को मिल रहा है। इनमें जमशेदपुर, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़, चतरा, पाकुड़ और अन्य इलाके शामिल हैं। बंद के समर्थकों ने यहां के सभी मुख्य मार्गों और रेलवे स्टेशनों पर जाम लगा दिया है। राज्य के डीजीपी ने बंद के दौरान कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। प्रदेश भर बंद को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल और रिजर्व सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।