
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी
नई दिल्ली: कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इससे पहले वो राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्म गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। दिल्ली दौरे के दौरान कुमारस्वामी कई कांग्रेस नेताओं से भी मुलाकात की । इससे पहले कुमारस्वामी ने कहा कि कांग्रेस की दया से मैं मुख्यंमंत्री बना हूं। प्रदेश के विकास के लिए मैं प्रतिबद्ध हूं।
कुमारस्वामी ने पीएम का उड़ाया मजाक
हालांकि दिल्ली आने से पहले कुमारस्वामी ने पीएम मोदी का भी मजाक उड़ाया। मीडिया से बातचीत में सीएम कुमारस्वामी ने कहा कि इस तरह की बात कौन करता है? पिछले चार सालों में उन्होंने क्या किया है? क्या देश में भ्रष्टाचार नहीं है? उनके अपने मंत्रालयों में लोग हैं जो भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। सच ये है कि मोदी और अमित शाह के पास भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने खुद येदियुरप्पा को सीएम के दावेदार के तौर पर पेश किया था? अगर भ्रष्टाचार के खिलाफ उनका रवैया यही है तो फिर देश में भ्रष्टाचार कम कैसे खत्म होगा? उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रीय पार्टियों के नेताओं का एक साथ आना एक छोटा सा प्रयोग था, जिसका मकसद मोदी के खिलाफ एक प्लेटफॉर्म बनाना है। न कि किसी नेता को व्यक्तिगत स्तर पर लाभ पहुंचाना है। बता दें कि पीएम मोदी ने एनडीए सरकार के चार साल पूरे होने पर कटक में रैली के दौरान विपक्ष पर जोरदार हमला बोला था। पीएम मोदी ने कहा था कि भ्रष्टाचार के खिलाफ हो रही कार्रवाई से घबराकर पूरा विपक्ष एकजुट हो गया है।
येदियुरप्पा ने किया तीखा हमला
कुमारस्वामी के कांग्रेस की दया से सीएम बनने वाले बयान पर बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा ने तीखा हमला बोला। येदियुरप्पा ने कहा कि जेडीएस नेता अपने बयान को तत्काल वापस ले। उन्होंने कहा कि कुमारस्वामी कांग्रेस के नहीं कर्नाटक के मुख्यमंत्री बने हैं।
जल्द हो जाएगा विभागों का बंटवारा- वेणुगोपाल
गौरतलब है कि कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस की सरकरा बन चुकी है। लेकिन विभागों को लेकर आमराय नहीं बन पाई है। वहीं, कर्नाटक में पार्टी मामलों के प्रभारी वेणुगोपाल ने कि सबसे पहले विभागों के आवंटन पर अंतिम निर्णय लेना है। इस पर चर्चा चल रही है और संभवत: यह काम एक से दो दिन में पूरा हो जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि दोनों पार्टियों के बीच विभाग को लेकर मतभेद है। उन्होंने कहा कि एक गठबंधन में कुछ मुद्दे होते हैं। हम इनपर एक-दूसरे से चर्चा कर रहे हैं। इसका समाधान तत्काल ढूंढ लिया जाएगा। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने खुद स्वीकार किया था कि गठबंधन साझेदार के साथ विभागों के बंटवारे को लेकर कुछ मुद्दे हैं। लेकिन, जिन विभाग को लेकर पेंच फंस रहा है, उनमें वित्त, गृह, लोकनिर्माण विभाग और ऊर्जा, सिंचाई और शहरी विकास जैसे प्रमुख विभाग शामिल हैं।
Published on:
28 May 2018 09:00 pm
