
दिल्ली ने इन्कार हरियाणा में इकरार
नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर दिल्ली में कांग्रेस के साथ चुनावी तालमेल नहीं होता देख “आप” के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा में गठबंधन का प्रस्ताव कांग्रेस को दिया है। केजरीवाल ने हरियाणा में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जननायक जनता पार्टी (जेजेपी), “आप” और कांग्रेस के एकसाथ मिलकर चुनाव लड़ने की अपील की है।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन की कोई जरूरत नहीं है। केजरीवाल के प्रस्ताव पर कांग्रेस ने कहा कि इस प्रस्ताव पर कोई भी फैसला नहीं हुआ है। वहीं “जेजेपी” ने कांग्रेस के साथ जाने से साफ इन्कार कर दिया है।
साथ मिलकर लड़ें तो सभी सीटों पर कब्जा
अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, देश के लोग अमित शाह और मोदी जी की जोड़ी को हराना चाहते हैं, लेकिन ये लोग आपस में बंटे हुये हैं। उन सबको साथ आने की जरूरत है। केजरीवाल ने कहा कि लोगों के बंटे होने के कारण ही मोदी और अमित शाह की जोड़ी जीतती है। अगर हरियाणा में “जेजेपी”, “आप” और कांग्रेस साथ लड़ते हैं तो हरियाणा की दसों सीटों पर भाजपा हारेगी। राहुल गांधी जी इस पर विचार करें। दूसरी तरफ दिल्ली को लेकर केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में हम बिना कांग्रेस के ही जीत रहे हैं। इसलिये दिल्ली के लोगों को अब चिंता करने की जरूरत नहीं है।
जेजेपी का इन्कार
केजरीवाल के प्रस्ताव के बाद जेजेपी ने महासचिव के सी बांगड़ ने कहा कि “जेजेपी” समान विचारधारा वाले किसी दल के साथ गठबंधन पर विचार कर सकती है और कांग्रेस के साथ हमारी विचारधारा कतई नहीं मिलती। हमने चौधरी देवीलाल के सिद्धांतों पर “जेजेपी” बनाई है जिन्होंने १९७१ में कांग्रेस छोड़ने के बाद कभी उसके साथ जाने की सोची भी नहीं। उन्होंने कहा कि “जेजेपी” हरियाणा में मजबूत पार्टी बन चुकी है और हरियाणा की सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने में सक्षम है। “जेजेपी” ने ना तो कभी कांगेस के साथ गठबंधन की संभावना पर विचार किया और ना ही आगे करेगी। “जेजेपी” ऐसे किसी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी जिसमें कांग्रेस शामिल हो।’’
कांग्रेस ने नहीं बनाया मन
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी इस प्रस्ताव पर कोई उत्साहजनक प्रतिक्रिया नहीं दी है। इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की ओर से हरियाणा को लेकर जिस प्रस्ताव की बात हो रही है उसे लेकर पार्टी में अभी कुछ भी फैसला नहीं हुआ है। जैसे ही कोई निर्णय लिया जाएगा इसकी जानकारी दी जाएगी।
Updated on:
13 Mar 2019 05:50 pm
Published on:
13 Mar 2019 05:50 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
