
कर्नाटक विधानसभा में भारी सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है। यहां एक मानसिक रूप से विक्षिप्त आदमी खुद को विधायक बता कर न सिर्फ विधान सौदा में घुस गया। बल्कि एक विधायक की कुर्सी पर जाकर बैठने के साथ ही 15 मिनट तक विधानसभा की कार्रवाई को भी देखा। हालांकि कुछ ही देर में फर्जी विधायक को पकड़ लिया गया और पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। जिस दौरान यह पूरी घटना घटी उस वक्त प्रदेश के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया बजट पेश कर रहे थे।
शख्स को पहचान नहीं पाए मार्शल
पुलिस ने बताया कि थिप्पेरुद्रप्पा शुक्रवार को पूर्वी द्वार से राज्य विधानसभा में प्रवेश किया था। वह विधायकों के साथ गया और जब मार्शलों ने उसे रोका तो उसने खुद को विधायक बताया और मार्शलों से कहा कि क्या आप मुझे नहीं पहचानते हैं। इस पर मार्शल ने उन्हें अंदर जाने दिया। एक मार्शल ने बताया कि वे अभी भी नवनिर्वाचित विधायकों को पहचान रहे हैं, क्योंकि उनमें से 70 पहली बार चुने गए विधायक हैं। इसके अतिरिक्त, विधायकों के निजी सचिव होने का झूठा दावा करके विधानसभा लाउंज में प्रवेश करने वाले लोगों के मामले भी सामने आए हैं।
मुख्यमंत्री पेश कर रहे थे बजट
जिस दौरान यह पूरी घटना हुई उस वक्त प्रदेश के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया बजट पेश कर रहे थे। लेकिन मुख्यमंत्री की मौजूदगी में इस तरह से किसी अनजान आदमी का फर्जी विधायक बनकर चुपके से सदन में घुस आना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है।
गृह मंत्री ने मांगी मामले पर रिपोर्ट
विधानसभा में इस तरह से घुसने पर पुलिस ने व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस पूरे घटना को गंभीरता से लेते हुए राज्य के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने सुरक्षा उल्लंघन के बारे में पुलिस से रिपोर्ट मांगी हैं। इसके साथ ही विधान सौदा की सुरक्षा को लेकर उन्होंने महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: Bengal Panchayat Chunav: हिंसा पर बोले- BSF के DIG- राज्य चुनाव आयोग ने संवेदनशील बूथों की नहीं दी जानकारी
Published on:
9 Jul 2023, 12:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.