6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सुखबीर सिंह बादल पर बरसे नवजोत सिंह सिद्धू, कहा- उन्हें है मुंह की बीमारी

करतारपुर कॉरिडोर के मुद्दे पर पंजाब से लेकर दिल्ली तक सियासत गरमाई हुई है।

2 min read
Google source verification
Siddhu

सुखबीर सिंह पर सिद्धू का पलटवार, कहा- उन्हें मुंह का जुलाब हुआ है तो मेरा कसूर नहीं

नई दिल्ली। हाल ही में पाकिस्तान में इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पर विरोधी दलों के निशाने पर आए पंजाब सरकार के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने सुखबीर सिंह बादल पर पलटवार किया है। नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के बारे में कहा है कि, " सुखबीर सिंह बादल को अगर मुंह का जुलाब हुआ है तो उसमें मेरा कसूर नहीं है। अगर उनको विचारधारा की कब्ज है उसमें मेरा कोई कसूर नहीं है।"

सुखबीर ने सिद्धू को कहा था पागल

दरअसल मंगलवार को अकाली दल के कद्दावर नेता सुखबीर सिंह बादल ने नवजोत सिंह सिद्धू के बारे में कहा था कि, "सिद्धू पागल हो गए हैं। मुझे लगता है कि उनके पाकिस्तान और आईएसआई से गहरे संबंध हैं।सिद्धू के कॉल डिटेल की गहराई से जांच होनी चाहिए। "

सिद्धू पर चौतरफा हमला
पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के सोमवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से करतारपुर गुरद्वारा कॉरिडोर मुद्दे पर मिलने के बाद सियासत गरमाई हुई है। उनपर जमकर हमला बोला गया है। केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर कहा, 'क्या सिद्धू जी पाकिस्तान के प्रवक्ता हैं? क्या वह पाकिस्तान सरकार के अधिकारी हैं? पाकिस्तान सरकार को करतारपुर गुरद्वारा कॉरिडोर मसले पर आधिकारिक बयान जारी करना चाहिए न कि उन्हें। दुर्भाग्यपूर्ण उन्हें लगता है कि राजनीति भी एक कॉमेडी शो है। वहीं रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू को इमरान खान के प्रधानमंत्री पद के शपथ के दौरान पाकिस्तान के आर्मी चीफ कमर जावेद बाजवा को गले नहीं लगना चाहिए था। इससे पहले सुखबीर सिंह बादल की पत्नी और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने सिद्धू को निशाने पर लिया। हरसिमरत कौर ने बताया था कि सुषमा स्वराज ने सिद्धू को फटकार लगाई है। हरसिमरत कौर ने कहा था कि जब सिद्धू ने सुषमा स्वराज से करतारपुर साहिब कॉरिडोर मुद्दे पर पाकिस्तान से वार्ता की पहल की मांग करने की मदद मांगी, तो उन्हें विदेश मंत्री से फटकार मिली।