13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर सिद्धू का बयान, बांग्लादेश और पाकिस्तान में भारत से अच्छे हैं हालात

सिद्धू ने कहा है कि भारत में सरकार तेल कंपनियों को फायदा पहुंचा रही है।

2 min read
Google source verification

image

Kapil Tiwari

Oct 01, 2018

Navjot Singh Sidhu

Sidhu

अमृतसर। देश के अंदर पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और इसको लेकर विपक्ष केंद्र सरकार पर भी लगातार हमलावर है। तेल की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोलने वालों में नवजोत सिंह सिद्धू भी शुमार हो गए हैं। पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने सोमवार को केंद्र सरकार पर हमला बोला। तेल के बढ़ते दामों को लेकर उन्होंने कहा कि भारत की तुलना पाकिस्तान और बांग्लादेश से कर डाली। सिद्धू ने कहा कि भारत के मुकाबले पाकिस्तान और बांग्लादेश में अभी भी तेल के दाम कम हैं।

तेल के दामों को लेकर सिद्धू ने की भारत की तुलना पाकिस्तान से

नवजोत सिंह सिद्धू ने न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा है, 'पाकिस्तान और बांग्लादेश में पेट्रोल के दाम अभी सबसे निचले स्तर पर हैं, लेकिन हमारे यहां सरकार तेल पर लगातार टैक्स बढ़ाती जा रही है, जिसकी वजह से तेल कंपनियों को सरकार के द्वारा लगातार फायदा पहुंचाया जा रहा है, सरकार कहती कुछ है लेकिन करती कुछ और है।'

अफीम वाले बयान से भी सुर्खियों में रहे सिद्धू

वैसे सोमवार को ही नवजोत सिंह सिद्धू अपने एक और बयान की वजह से सुर्खियों में रहे। सिद्धू ने पंजाब में अफीम की खेती को वैध करने की मांग का समर्थन करते हुआ कहा कि अफीम की वजह से पंजाब में बढ़ती ड्रग की लत को रोका जा सकता है। पटियाला से सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी द्वारा अफीम की खेती की मांग का समर्थन करते हुए सिद्धू ने कहा कि उनके ताया जी अस्पताल से पर्ची लेकर अफीम लिया करते थे और लंबी उम्र जिए लेकिन मजीठिया ने पंजाब में चिट्टे का जहर घोल दिया और माताओं को उनके बेटों की मौत पर रोने को मजबूर कर दिया।

पिछले महीने पाकिस्तान आर्मी चीफ को गले लगाकर आए थे विवादों में

आपको बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू पिछले महीने पाकिस्तान जाने को लेकर खूब विवादों में रहे थे। वो पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री इमरान खान के शपथग्रहण समारोह में गए थे, जिसको लेकर हिंदुस्तान में खूब विवाद हुआ था। रही-सही कसर सिद्धू ने पाकिस्तान में आर्मी चीफ को गले लगाकर पूरी कर दी थी, जिसके बाद भारत में उनकी खूब आलोचना हुई थी। कांग्रेस पार्टी ने भी उनके इस कदम से किनारा कर लिया था।