
नितिन गडकरी की चेतावनी, हमारे क्षेत्र में जो जातिवाद की बात करेगा उसकी मैं पिटाई करूंगा
नई दिल्ली। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उनके क्षेत्र में जातिवाद के लिए कोई जगह नहीं है क्योंकि उन्होंने चेतावनी दी हुई है कि जाति के बारे में बात करने वाले की वह पिटाई करेंगे। उन्होंने कहा कि मेरा स्पष्ट आदेश है कि काम की बात जितनी हो करो, जाति की नहीं। जाति की बात समरस समाज की राह बत बाधक है। ये बात उन्होंने महाराष्ट्र के पिंपड़ी चिंचवाड़ में पुनरुत्थान समरसता गुरुकुलम द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कही।
5 जिलों में जाति के लिए जगह नहीं
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि समाज को आर्थिक एवं सामाजिक समानता के आधार पर साथ लाना चाहिए और इसमें जातिवाद एवं सांप्रदायिकता की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। नागपुर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले गडकरी ने कहा कि हम जातिवाद में यकीन नहीं करते हैं। मुझे नहीं पता कि आपके यहां क्या है लेकिन हमारे पांच जिलों में जातिवाद की कोई जगह नहीं है क्योंकि मैंने सभी को चेतावनी दी हुई है कि अगर कोई जाति की बात करेगा तो मैं उसकी पिटाई कर दूंगा।
पिटाई भी करती है जनता
आपको बता दें कि हाल ही में गडकरी अपने कई बयानों को लेकर काफी चर्चा में रहे हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बीते महीने मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान नेताओं को लेकर ऐसी टिप्पणी की जो काफी चर्चित रही। उन्होंने कहा कि जनता को सब्जबाग दिखाने वाले नेता अच्छे लगते हैं लेकिन सपने पूरे नहीं हुए तो जनता पिटाई भी करती है। उनके इस बयान के बहाने विपक्ष ने पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा था। भाजपा को उनके इन बयानों को लेकर बचाव की मुद्रा में आना पड़ा था। विपक्ष इस बात को लेकर मोदी के खिलाफ आक्रामक हो गई थी।
Updated on:
11 Feb 2019, 9:47 AM IST
Published on:
11 Feb 2019, 7:45 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.