
नई दिल्ली। विदेश मामलों के मंत्रालय (एमईए) के अधिकारियों ने शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग में संवाददाताओं को बताया कि पीएम मोदी गुरुवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिले। दोनों के बीच संबंधों में सुधार की गति को बनाए रखने के मुद्दे पर बातचीत हुई। वह पिछले करीब चार महीने में शी से तीसरी बार मिले हैं। उन्होंने शी के साथ अपनी हाल की बैठकों को याद करते हुए कहा कि उनसे भारत-चीन के संबंधों को नयी मजबूती मिली है और साथ ही दोनों देशों के बीच सहयोग के लिए नए मौके भी मिले।
आपको बता दें कि पीएम मोदी 10वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इस समय दक्षिण अफ्रीका में हैं। मोदी ने बैठक की शुरूआत में शी से कहा कि संवाद को बनाए रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आपसी भ्रम को दूर करने के साथ कई मामलों में बातचीत के प्रसताव को गति मिली है। उन्होंने कहा कि हमें अपने स्तर पर नियमित रूप से अपने संबंधों की समीक्षा करनी चाहिए और जब भी जरूरत हो उसमें समुचित बदलाव करने चाहिए।