नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों पांच दिनों के विदेश दौरे पर हैं। बुधवार को लंदन में उन्होंने अपनी ब्रिटिश समकक्ष थेरेसा मे और प्रिंस चार्ल्स से मुलाकात के साथ-साथ लिंगायत संत बसवेश्वर की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। प्रधानमंत्री ने वहां थेरेसा मे के साथ द्विपक्षीय बातचीत की और कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने 'भारत की बात, सबके साथ' कार्यक्रम में भी शिरकत की और महारानी एलिजाबेथ से भी मुलाकात की। पढ़िए, लंदन यात्रा के दौरान अहम मुद्दों पर प्रधानमंत्री मोदी की 10 बड़ी बातें...
1. आतंकवाद और रासायनिक हमले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ब्रिटेन के साथ मिलकर आतंकवाद का मुकाबला करने की बात कही। सीरिया में हो रहे रासायनिक हमलों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं कहीं भी और किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पाकिस्तान को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि आतंक का निर्यात करने वालों और पीछे से हमला करने वालों को भारत उसी की भाषा में जवाब देना जानता है। इस दौरान उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र भी किया और कहा, 'हमने सेना से साफ कह दिया था कि सर्जिकल स्ट्राइक की जानकारी आप पाकिस्तान को दे दें कि हमने उनके जवानों को मार दिया है। उनके पास समय है तो उसका शव उठा लें।'