
नई दिल्ली। गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों के साथ काम करने वाली महिलाओं के साथ बातचीत की। उन्होंने इस बातचीत के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में अपने प्रयासों और योगदान की सराहना की। मोदी ने कहा कि आज ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जहां महिलाएं बड़ी संख्या में काम करती हुई नहीं दिखेंगी। कृषि, डेयरी, उद्यमिता, स्टार्टअप, विज्ञान, शोध, समाजसेवा सहित सभी क्षेत्रों में महिलाओं की भूमिका अहम है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के योगदान के बिना समरस समाज की कल्पना संभव नहीं है।
ये बात उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि आज देशभर की एक करोड़ से ज्यादा महिलाओं से संवाद करने का अवसर मिला है। आप सब अपने आप में संकल्प, उद्यमशीलता और सामूहिक प्रयासों का एक प्रेरणादायी उदाहरण हैं।