
असम के बाद आंध्रप्रदेश में भी मोदी विरोधी पोस्टर, सीएम चंद्र बाबू नायडू ने रविवार ने घोषित किया काला दिवस
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले भारतीजय जनता पार्टी ने एक बार फिर सत्ता में लौटने के लिए कमर कस ली है। इस बार भी पार्टी को ब्रांड मोदी का ही सहारा है। यही वजह है कि चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र ताबड़तोड़ रैलियां कर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश में जुटे हैं। पूर्वोत्तर राज्यों के दौरे के बाद आज पीएम ने अपना रुख दक्षिण की तरफ किया है। एनडीए से तेलगु देशम पार्टी के अलग होने के बाद पीएम मोदी रविवार को आंध्रप्रदेश के गुंटूर में पहुंचेंगे। खास बात यह है कि यहां पर नायडू सरकार ने उनके स्वागत में एंटी पोस्टर्स लगा दिए हैं।
सड़कों और चौराहों पर मोदी नेवर अगैन (मोदी दोबारा नहीं), मोदी नो मोअर, मोदी इज मिस्टेक नाम नाम से पोस्टर आप आसानी से देख सकते हैं। दरअसल आंध्र प्रदेश को अलग राज्य का दर्जा देने की मांग पिछले लंबे समय से चंद्रबाबू नायडू कर रहे हैं। इसी मुद्दे के चलते टीडीपी ने एनडीए से अपना नाता तोड़ा।
गुंटूर के जिस एयरपोर्ट पर पीएम मोदी को रविवार सुबह उतरना है, उससे सटे राष्ट्रीय राजमार्ग पर 'मोदी-नो इंट्री' नाम से एक विशालकाय होर्डिग लगाई गई है। इसके खिलाफ भाजपा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
सीएम ने काला दिवस घोषित किया
उधर, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने पीएम के आगमन के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरे राज्य में विरोध दिवस मनाने को कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि रविवार का दिन राज्य के लिए एक बुरा और काला दिन है। उन्होंने प्रधानमंत्री की यात्रा के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं से पीले और काले रंग की शर्ट पहनने के साथ ही काले और पीले रंग के गुब्बारे उड़ाने को भी कहा है। शनिवार को विजयवाड़ा में सीपीआइ और सीपीएम पीएम मोदी की प्रस्तावित यात्रा के विरोध में प्रदर्शन किया।
योजनाओं का करेंगे शिलान्यास
पीएम जनसभा को संबोधित करने के अलावा 6,825 करोड़ की दो पेट्रोलियम और गैस परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अलावा नेल्लोर जिले के श्रीकृष्णपट्टनम में भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड के तटीय टर्मिनल की आधारशिला भी रखेंगे। इस परियोजना पर 2,280 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
Updated on:
10 Feb 2019, 9:54 AM IST
Published on:
10 Feb 2019, 8:55 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.