
'सैन्य तख्तापलट रिपोर्ट' पर बोले पीएम मोदी- भारतीय सेना के सीने पर कांग्रेस ने घाव किया
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र में प्रधानंत्री नरेंद्र मोदी ने 2012 में कथित सैन्य तख्तापलट की रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस पर बड़ा वार किया है। पीएम ने कहा कि आपने (कांग्रेस) कहा कि मोदी संस्थाओं को खत्म कर रहा है, लेकिन सेना की इज्जत पर इतना बड़ा बट्टा लगाया है। आपने राजनीति के चक्कर में तख्तापलट तक का आरोप लगाया है।
आपने सेना की इज्जत पर बट्टा लगाया: मोदी
कांग्रेस की ओर इशारा करते हुए पीएम ने कहा कि आपातकाल देश में कांग्रेस ने थोपा, लेकिन कहते हैं मोदी बर्बाद कर रहा है। सेना को अपमानित आपने किया। सेनाध्यक्ष को गुंडा आपने कहा और कहते हैं कि मोदी इंस्टीट्यूट बर्बाद कर रहा है। तख्तापलट की कहानियां गढ़ी जाती हैं। सेना की इज्जत पर इतना बड़ा बट्टा लगाया। ये जो आपने पाप किया है, भारत की सेना के सीने पर घाव लग रहा है। आज तक किसी ने ऐसा पाप नहीं किया केवल राजनीति के लिए।
वी के सिंह ने तख्तापलट रिपोर्ट को बताया देशद्रोह
इससे पहले केंद्रीय मंत्री और पूर्व सेना प्रमुख वीके सिंह ने यूपीए सरकार के दूसरे कार्यकाल के दौरान 2012 में कथित सैन्य तख्तापलट की रिपोर्ट पर प्रधानमंत्री से उच्चस्तरीय जांच का आग्रह किया है। उन्होंने इसे 'देशद्रोह' बताया। जनरल सिंह (सेवानिवृत्त) ने कहा कि मैंने 2012 में ही कहा था कि इस तरह का कुछ भी नहीं था और भारतीय सेना ऐसा कुछ सोच भी नहीं सकती। उन्होंने कहा कि उस समय के रक्षा मंत्री एके एंटनी ने भी कहा था कि ऐसा कुछ नहीं होने जा रहा है।
क्या है तख्तापलट का मामला
बता दें कि एक मीडिया रिपोर्ट में बताया गया था कि यूपीए-दो के कार्यकाल में 2012 की शुरुआत में जब वह सेना प्रमुख थे तो संप्रग के कुछ नेताओं ने झूठी कहानी गढ़ने की कोशिश की थी कि सेना 'तख्तापलट' करने की कोशिश कर रही थी। इसी के मद्देनजर उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखा।
Published on:
07 Feb 2019 08:10 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
