
पीएम मोदी के इंटरव्यू पर हमलावर हुई कांग्रेस, राहुल बोले- पहले से ही तय होते हैं सवाल-जवाब
नई दिल्ली। सिंगापुर में पीएम मोदी के हालिया इंटरव्यू को लेकर कांग्रेस हमलावर हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम पर निशाना साधते हुए इंटरव्यू के दौरान अनुवादक के जवाब को लेकर टिप्पणी की है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि मोदी ऐसे पहले पीएम हैं, जिनके सवालों का अनुवाद ट्रांसलेटर के पास पहले से ही होता है। इस दौरान राहुल ने सोशल साइट पर पीएम मोदी के इंटरव्यू का वीडियो भी शेयर किया है। कांग्रेस अध्यक्ष का आरोप है कि पब्लिक प्लेटफॉर्म पर पीएम का इंटरव्यू पहले से ही तय होता है। बता दें कि पीएम मोदी ने सिंगापुर की नानयांग प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में इंटरव्यू दिया था।
राहुल ने कसा तंज
कांंग्रेस अध्यक्ष ने अपने ट्वीट में लिखा कि यह बेहतर ही है कि मोदी इंटरव्यू के दौरान असल सवालों को नहीं लेते, वरना देश के लिए वास्तव में सर्मिंदगी की बात होती। राहुल गांधी आगे लिखते हैं कि हालांकि लोग मोदी के भाषणों को पूरी तल्लीनता के साथ सुनते हैं, लेकिन सिंगापुर में उनके इस इंटरव्यू ने कई सवालों को जन्म दे दिया है।
ऐसे उठे सवाल
दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से जारी वीडियो में पीएम एशिया के सामने चुनौतियों के विषय में बोल रहे हैं। इस दौरान पीएम इस विषय पर पूछे गए सवाल का उत्तर हिंदी में देते हैं, जिसके बाद ट्रांसलेटर उनका जवाब अंग्रेजी में पढ़कर सुनाती हैं। ट्रांसलेटर पीएम के भाषण के अनुवाद में कई फैक्ट और फीगर्स का भी जिक्र करती है। जबकि वास्तव में पीएम अपने जवाब के दौरान इन आंकड़ों का कोई जिक्र नहीं करते।
Published on:
5 Jun 2018, 7:52 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.