लोकसभा की 131 सीटें आरक्षित
आपको बता दें कि लोकसभा में अनुसूचित जाति और जनजातियों के लिए 131 सीटें आरक्षित हैं। इनमें से 84 सीटें अनुसूचित जाति और 47 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। देश की कुल मतदाताओं में से इन वर्गों की भागीदारी 20 फीसद से अधिक है। इसमें भी दलित मतदाता करीब 17 फीसद हैं। इसलिए कांग्रेस साल 2018-19 के लोकसभा एवं उससे पहले मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ एवं कुछ अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों में सामाजिक एवं आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के साथ खड़ा दिखने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। कांग्रेस चाहेगी कि दलित हितों को लेकर भारत बंद का लाभ उसे आगामी सभी चुनावों में मिले। यही राहुल गांधी की भी चिंता है। यही वजह है कि संविधान बचाओ अभियान को 14 अप्रैल, 2019 तक चलाने का पार्टी ने रणनीतिक चाल चली है। ताकि इस मुद्दे को 2019 तक जिंदा रखना संभव हो सके।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले को भुनाने में जुटी कांग्रेस
कांग्रेस इस बात को लेकर पहले से ही चिंतित थी कि दलितों का एक तबका उससे कटता जा रहा है। उसकी इस चिंता को दूर करने में एससी/एसटी एक्ट को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसलने ने अहम भूमिका निभाई है। हालांकि शीर्ष कोर्ट के फैसले में ऐसा कुछ नहीं कहा गया है जिससे दलितों के हितों पर कुठाराघात हो, लेकिन कांग्रेस ने दुष्प्रचार के जरिए इस बात को हवा देकर माहौल अपने पक्ष में कर लिया है। दलितों को भाजपा व उसके सहयोगी दलों से काटने के लिए राहुल गांधी ने फैसला आने के तत्काल बाद भाजपा और आरएसएस पर हमला बोल दिया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दलितों को भारतीय समाज के सबसे निचले पायदान पर रखना आरएसएस और भाजपा के डीएनए में है।