
sachin pilot
नई दिल्ली। प्रदेश में होने वाले दो लोकसभा और एक विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को पटखनी देने के लिए कांग्रेस ने रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया है। यहां कांग्रेस मुख्यालय में बुधवार को प्रदेश के नेताओं की एक अहम बैठक हुई। प्रभारी महासचिव अविनाश पांडे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रभारी सचिव, नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट और कांग्रेस नेता भंवर जितेंद्र सिंह ने भाग लिया।
बैठक के बाद सचिन पायलट ने कहा कि उपचुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई। बैठक में चर्चा के बाद उम्मीदवारों के नामों की लिस्ट बनाकर एआईसीसी को सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस मजबूती से दोबारा अपने पैर जमा रही है। जिसका परिणाम इन उपचुनाव में देखने को मिलेगा। सचिन ने अजमेर से खुद की और अलवर से भंवर जितेंद्र सिंह की दावेदारी के बारे में कहा कि पार्टी ने हमें बहुत कुछ दिया है और आगे भी पार्टी का जो निर्देश होगा उसकी हम पालना करते रहेंगे।
केन्द्र सरकार का गैर जिम्मेदार रवैया
सचिन पायलट ने केन्द्र सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि जिस तरीके से केन्द्र सरकार की ओर से नोटबंदी और जीएसटी बिना सोचे समझे उठाया हुआ बेहद गैरजिम्मेदाराना कदम था। ऐसे फैसलों से आम आदमी बहुत दुखी है। सचिन ने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद बीजेपी की साख गिरी है। कांग्रेस के उठाये सवालों का जवाब देना भाजपा के नेताओं को भारी पड़ रहा है। सरकार की गलती नीतियों के कारण देश की जनता परेशान है।
राहुल को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित
सचिन का कहना है कि प्रदेश भर के प्रतिनिधियों ने राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने के लिए प्रस्ताव पारित किया है। आम युवा की भावना है कि राहुल गांधी कांग्रेस की बागडोर संभाले।
किशनगढ़ एयरपोर्ट मेरा सपना था: सचिन
अजमेर एयरपोर्ट के उद्घाटन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पिछले तीन दशकों से अजमेर में एयरपोर्ट एक बात बड़ा मुद्दा बना हुआ है। बतौर सांसद उन्होंने एयरपोर्ट के काम की शुरुआत करवाई। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह खुद उस एयरपोर्ट का भूमि पूजन करने पहुंचे थे। सिविल एविएशन मिनिस्ट्री से लेकर भूमि अधिग्रहण तक का काम कांग्रेस सरकार के टाइम में हुआ लेकिन अब चुनावी फायदा लेने के सरकार ने एयरपोर्ट का उदï्घाटन करवाया है। उनका कहना था कि बेहतर होता, यह काम जनता के हित को ध्यान में रखते हुए बहुत पहले पूरा करवाया जाता।
पार्टी कहेगी तो चुनाव लडूंगा: जितेन्द्र सिंह
एआईसीसी में बैठक के बाद उपचुनाव को लेकर भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि उपचुनाव के लिए कांग्रेस की तैयारी पूरी है। अगर पार्टी का चुनाव लडऩे को कहेगी तो जरुर चुनाव लड़ेंगे।
Published on:
11 Oct 2017, 7:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.