14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘संपर्क फॉर समर्थन’ कैंपेन: बाबा रामदेव से मिले अमित शाह, 2019 के लिए फिर मांगा समर्थन

अमित शाह ने 'संपर्क फॉर समर्थन' कैंपेन के तहत बाबा रामदेव से मुलाकात की और मोदी सरकार के चार साल के कामकाज की जानकारी दी।

2 min read
Google source verification
baba Ramdev and Amit Shah

Amit Shah and Baba Ramdev

नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार को चार साल पूरे हो गए हैं और अब पार्टी 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रही है। विपक्षी एकता के सामने भाजपा के लिए चुनौती बड़ी है और इसी को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने केंद्र सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर एक अभियान 'सपर्क फॉर समर्थन' की शुरुआत की है। इस अभियान के अंतर्गत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सोमवार को योगगुरु बाबा रामदेव से मिलने के लिए पहुंचे। ये मुलाकात बाबा रामदेव के दिल्ली स्थित फार्म हाउस पर हुई।

अमित शाह ने की बाबा रामदेव से मुलाकात
इस मुलाकात में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने बाबा रामदेव को सरकार के चार साल के कामकाज का पूरा ब्यौरा दिया। मुलाकात खत्म होने के बाद अमित शाह और बाबा रामदेव ने एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने मोदी सरकार की जमकर तारीफ की। बाबा रामदेव ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि सरकार ने आर्थिक सुधारों के लिए काम किया है। संकट के समय मोदी जी ने देश को रास्ता दिखाया है। उन्होंने कहा, ये बात सब जानते हैं कि चार साल में मोदी जी ने किया काम किया है उससे देश तेजी से प्रगति की दिशा में बढ़ रहा है।

बाबा ने की उज्जवला योजना की तारीफ

इस दौरान बाबा रामदेव ने पीएम मोदी की उज्जवला योजना की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उज्जवला योजना से महिलाओं को खुशी हुई है। इस दौरान बाबा रामदेव ने अपनी मां का उदाहरण देते हुए बताया कि उज्जवला योजना से महिलाओं को कितना फायदा हुआ है। बाबा रामदेव ने कहा कि पीएम मोदी ने देश के माल को विदेशों में पहुंचाया है।

2014 में बाबा रामदेव ने की थी बीजेपी को वोट देने की अपील
वहीं इस मुलाकात के बाद अमित शाह ने कहा कि बाबा रामदेव तक पहुंचने का मतलब करोड़ों लोगों तक पहुंचना है। शाह ने कहा कि 2014 के चुनाव में जिन्होंने भी हमें समर्थन दिया था, अब हम उन सभी के पास जाकर अपने चार साल के कामकाज का ब्यौरा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा ने भी हमें समर्थन किया था तो उन्हें भी हमने चार साल के कामकाज की जानकारी दी है। बता दें कि बाबा रामदेव बीजेपी के समर्थक रहे हैं। 2014 में भी बाबा रामदेव ने मोदी और बीजेपी के लिए वोट देने की अपील की थी।

क्या है बीजेपी का 'संपर्क फॉर समर्थन' अभियान
आपको बता दें कि अमित शाह ने 29 मई को पार्टी को समर्थन के लिए संपर्क अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत बीजेपी अध्यक्ष देश की 50 बड़ी हस्तियों से मिलेंगे, जिसकी शुरुआत उन्होंने गुरुग्राम जाकर पूर्व सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग से मुलाकात कर की थी। उसके बाद संविधान विशेषज्ञ सुभाष कश्यप से उनके घर जाकर मिले थे और फिर पूर्व क्रिकेट कप्तान कपिल देव से भी दिल्ली में अमित शाह ने पार्टी के लिए समर्थन मांगा और उनको मोदी सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया था। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री, राज्यों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री समेत पार्टी के 4000 वरिष्ठ कार्यकर्ता मोदी सरकार की उपलब्धियों को बताने के लिए 1 लाख से ज्यादा प्रसिद्ध व्यक्तियों से मुलाकात करेंगे।