
नई दिल्ली। बुधवार को जहां लालू यादव को अपने बड़े बेटे तेज प्रताप की शादी में शामिल होने के लिए पांच दिनों की पैरोल पर जाने की इजाजत मिलने से राहत मिली वहीं सीबीआई ने बुधवार को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में आईआरसीटीसी घोटाले में लालू प्रसाद यादव , राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के सहित 14 आरोपियों के खिलाफ 20,000 पृष्ठों के दस्तावेज पेश कर उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आपको बता दें कि इससे पहले 16 अप्रैल को सीबीआई ने पटियाला हाउस कोर्ट में लालू, राबड़ी व तेजस्वी के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी।
पद का दुरुपयोग कर दिया आईआरसीटीसी को ठेका
आरोप है कि लालू प्रसाद यादव ने रेल मंत्री के पद का दुरुपयोग करते हुए 2006 के दौरान इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) की ओर से दिए गए रांची तथा पुरी के दो होटलों का ठेका कोचर बंधु की कंपनी सुजाता होटल्स को दे दिया था। इसके बदले में पटना में तीन एकड़ की जमीन लालू ने अपने परिवार के नाम पर लिखवा ली थी। बाद में कोचर बंधु ने रांची के बीएनआर होटल के ऐतिहासिक ढांचे को गिराकर आधुनिक होटल में तब्दील कर दिया। पुरी में बीएनआर होटल बहुत बड़े इलाके में फैला हुआ है। इस होटल का निर्माण अंग्रेजों के शासनकाल में किया गया था। तब इस होटल के कमरे में अंग्रेज भी रहा करते थे। विनय कोचर और विजय कोचर इसमें डायरेक्टर हैं।
बीएनआर हैरिटेज होटल है
बीएनआर होटल रेलवे का हैरिटेज होटल हैं, जिन्हें उसी साल (2006 में) IRCTC ने अपने नियंत्रण में ले लिया था। सीबीआई ने इस मामले में आईआरसीटीसी के तत्कालीन प्रबंध निदेशक, एक व्यक्ति, एक निजी मार्केटिंग कंपनी के दो निदेशक और एक अन्य कंपनी के दो निदेशक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सीबीआई ने लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी यादव, बेटे समेत कई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। लालू, राबड़ी, तेजस्वी, सरला गुप्ता नामजद आरोपी हैं। सरला गुप्ता लालू के करीबी राज्यसभा सांसद प्रेमचंद गुप्ता की पत्नी का नाम भी इसमें शामिल है। लालू यादव के विश्वासपात्र प्रेमचंद गुप्ता की पत्नी सुजाता और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। गुप्ता कॉरपोरेट मामलों के पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं।
Published on:
09 May 2018 02:42 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
