
तीन रैलियों के जरिए चुनावी हुंकार भरेंगे राहुल गांधी, पार्टी के पक्ष में बनाएंगे माहौल
नई दिल्ली।लोकसभा चुनाव (Loksabha Election) की सरगर्मियां अपने चरम पर हैं। चार चरणों का मतदान संपन्न हो चुका है और बाकी बचे हुए चरणों के लिए धुंआधार प्रचार-प्रसार जारी है। दिग्गज नेता हर दिन देश के अलग-अलग शहरों में कई चुनावी रैलियों करते हुए पार्टी के पक्ष में माहौल बना रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस (Congress) अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) बुधवार को तीन चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
तीन चुनावी सभा के जरिए राहुल गांधी भरेंगे हुंकार
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में रैली के जरिए चुनावी हुंकार भरेंगे। राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में दो और मध्य प्रदेश में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उत्तर प्रदेश के सीतापुर और बाराबंकी में राहुल गांधी चुनावी सभा करेंगे। वहीं, मध्य प्रदेश के होशंगाबाद में भी कांग्रेस अध्यक्ष एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इन तीनों सीटों पर पांचवें चरण में मतदान होंगे। गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी ने इस चुनाव में जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। खुद राहुल गांधी लगातार पार्टी के लिए प्रचार-प्रसार और रोड शो कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की होशंगाबाद के पिपरिया में शाम 4 बजे सभा है। उनके साथ सीएम कमलनाथ भी मौजूद रहेंगे। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी होशंगाबाद के इटारसी में साढ़े तीन बजे चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
राहुल गांधी की रैली
उत्तर प्रदेश- सीतापुर के गुलजार शाह मेला मैदान में
उत्तर प्रदेश- बाराबंकी के यूनियन इंटर कालेज राम नगर
मध्य प्रदेश- होशंगाबाद के पिपरिया में
Updated on:
01 May 2019 12:18 pm
Published on:
01 May 2019 12:15 pm
