
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस ( coronavirus in India ) मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो देश में कोरोना वायरस ( Coronavirus Case in India ) के 22,890 नए मामले दर्ज किए गए हैं। जिसके बाद कुल मामलों की संख्या देश में बढ़ कर 99,79,447 हो गई। इस बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ( Uttarakhand Chief Minister Trivendra Singh Rawat ) के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री रावत ने खुद ट्विटर हेंडल पर इसकी जानकारी दी है।
उत्तराखंड में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की ट्विटर पर लिखा कि आज मैंने कोरोना टेस्ट करवाया था और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है और symptoms भी नहीं हैं।अतः डॉक्टर्स की सलाह पर मैं होम आइसोलेशन में रहूंगा। मेरा सभी से अनुरोध है, कि जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आयें हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं। आपको बता दें कि उत्तराखंड में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। यहां कोरोना वायरस के कारण 1384 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
रिकवरी रेट 95.40 प्रतिशत
उत्तराखंड मे पिछले 24 घंटे में ही कोरोना के 620 मामले सामने आए हैं। जबकि इस दौरान 9 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि गुरुवार को ही राज्य में 676 लोग इलाज के बाद स्वस्थ हो गए। अब तक कुल 76,223 लोग बिल्कुल ठीक हो चुके हैं। आपको बता दें कि बीते एक दिन में देश में 338 लोगों की मौत इस वायरस की वजह से हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा 1,44,789 तक पहुंच गया। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। इस वायरस से अब तक देश में 95,20,827 मरीज ठीक हो चुके हैं, जिसमें पिछले 24 घंटों में 31,087 मरीज शामिल हैं। देश में फिलहाल 3,13,831 मरीज सक्रिय रूप से संक्रमित हैं। रिकवरी रेट 95.40 प्रतिशत है, जबकि मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है।
देश में अब तक 15,89,18,646 नमूनों की जांच
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के मुताबिक, देश में अब तक 15,89,18,646 नमूनों की जांच की गई, जिसमें 11,13,406 सैंपल की जांच पिछले 24 घंटों में हुई है। कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में अब तक 18,84,773 मामले दर्ज हो चुके हैं। 70 फीसदी मामले 10 राज्यों से सामने आ रहे हैं जिनमें केरल, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात और मध्य प्रदेश शामिल हैं।
Updated on:
18 Dec 2020, 4:40 PM IST
Published on:
18 Dec 2020, 4:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.