
नई दिल्ली. उन्नाव और जम्मू कश्मीर के कठुआ में हुई दुष्कर्म की घटनाओं के खिलाफ कांग्रेस ने गुरुवार देर रात कांग्रेस ऑफिस से इंडिया गेट तक कैंडल मार्च निकाला। महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ निकाले गए इस बड़े कैंडल मार्च में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी , उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा, रॉबर्ट वाड्रा समेत कांग्रेस तमाम नेता शामिल हुए। दरअसल राहुल गांधी ने गुरुवार रात अपने ट्वीटर अकाउंट के जरिये लोगों से इस कैंडल मार्च में शामिल होने का न्योता दिया। इस मार्च में निर्भया के माता-पिता ने भी हिस्सा लिया। राहुल की अपील पर बड़ी संख्या में लोग कैंडल मार्च में पहुंचे। इस दौरान राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल ने पीएम मोदी को उन्हीं की पार्टी का एक अभियान भी याद दिलाया…ये अभियान है बेटी बचाओ का…राहुल गांधी ने कहा बीजेपी का नारा सही है बेटी बचाओ लेकिन उन्हें अब इस पर काम शुरू कर देना चाहिए…देश की बेटियों को बचाएं..
कांग्रेस के नेताओं ने मोदी सरकार पर बोला हमला
राहुल गांधी के अलावा कैंडल मार्च में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, रणदीप सुरजेवाला, सलमान खुर्शीद समेत तमाम छोटे-बड़े नेताओं ने आमद दर्ज कराई और मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला
जनता ने की इंसाफ की मांग
कठुआ और उन्नाव में हुई गैंगरेप की घटना के खिलाफ कांग्रेस के इस मार्च में बड़ी संख्या में आम जनता जुटी। हाथों में तख्तियां, बैनर और पोस्टर लिए युवाओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आसिफा को इंसाफ दो, हमें इंसाफ चाहिए, आवाज दो हम एक हैं जैसे नारे लगाकर मोदी सरकार की नींद उड़ाने की कोशिश की।