पत्रिका न्यूज नेटवर्क
प्रयागराज. अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी ने सरकार से देश में मुगलों और अंग्रेजों के नाम पर रखे सड़कों के नाम बदलने की मांग करते हुए भारतीय महापुरुषों के नाम पर सड़कों के नाम रखे जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी देश की तमाम सड़कों के नाम मुगलों और अंग्रेजों के नाम से हैं, जिन्होंने देश को नुकसान पहुंचाया है। ऐसे आक्रमणकारियों के नाम पर सड़कों का नाम होना पीड़ादायक है। साधु-संत ही नहीं आज के युवाओं को इससे कष्ट होता है। सुझाव देते हुए उन्होंने कहा कि सड़कों का नाम बदलकर देश के लिए बलिदान देने वाले भारतीय महापुरुषों जैसे- शहीद चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभ भाई पटेल, गुलजारीलाल नंदा और वीर अब्दुल हमीद जैसे देशभक्तों के नाम पर रखे जाने चाहिए।