
CBI seeks custody remand of 3 arrested accused in Narendra Giri Death
प्रयागराज. CBI seeks custody remand of 3 arrested accused in Narendra Giri Death. अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष दिवंगत महंत नरेंद्र गिरि (Mahant Narendra Giri Death) की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए सीबीआई को जांच सौंपी गई है। अखाड़ा परिषद के दिवंगत अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की खुदकुशी के मामले में सीबीआई ने गिरफ्तार मुख्य आरोपी स्वामी आनंद गिरि, हनुमान मंदिर के मुख्य पुजारी रहे आद्या तिवारी और उनके बेटे संदीप तिवारी की कस्टडी रिमांड मांगी है। सीबीआई के मुख्य जांच अधिकारी केएस नेगी की ओर से दाखिल की गई अर्जी में मजिस्ट्रेट से 10 दिनों की कस्टडी रिमांड मांगी गई है। बता दें कि महंत की मौत के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। कोर्ट ने तीन आरोपियों को 14 दिनों की ज्यूडिशियल कस्टडी में नैनी सेंट्रल जेल भेज दिया था। महंत नरेंद्र गिरि 20 सितंबर को बाघंबरी मठ में फांसी के फंदे पर लटके पाए गए थे।
साधु संतों ने उठाई सीबीआई जांच की मांग
22 सितंबर को पोस्टमार्टम के बाद महंत नरेंद्र गिरि के पार्थिव शरीर को समाधि दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस अफसरों को बंद लिफाफे में सौंपी गई थी। उधर, साधु संतों की मांग पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने सीबीआई जांच की संस्तुति की थी। जिसके बाद 25 सितंबर को सीबीआई ने प्रयागराज आकर अपनी जांच शुरू कर दी है। इससे पहले रविवार को सीबीआई टीम के साथ आए सीएफएसएल के फारेंसिक एक्सपर्ट ने पूरे मठ की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई। इसके साथ ही जिस कमरे में महंत नरेंद्र गिरी फांसी के फंदे पर लटके पाए गए थे, उस कमरे में सेवादारों के सामने सीन रीक्रिएट किया गया।
Published on:
27 Sep 2021, 11:03 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.