
कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, कहा- जीएसटी के बोझ से दब गया किचन का बजट
प्रयागराज: कांग्रेस पार्टी से रामपुर खास की विधायक व विधायकदल मंडल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रतापगढ़ कांग्रेस कैम्प कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने गरीब वर्ग के बारे में सोचना बंद कर दिया है। भाजपा राज में गरीब के चूल्हे की आंच अब ठंडी पड़ गई है। अब सरकार द्वारा खाद्यान्न सामग्री पर जीएसटी का बोझ बढ़ने से किचन का बजट बिगड़ गया है। रसोई गैस से लेकर रोजमर्रा की वस्तुओं को खरीदने में गरीब और मध्यम वर्ग के लोग असफल साबित हो रहे हैं। भाजपा सरकार की नीति अब पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है और फायदा पहुंचा रही हैं।
रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं युवा
सोमवार को प्रतापगढ़ जनपद में कांग्रेस पार्टी ने लालगंज कैंप कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि जीएसटी में बढ़ोतरी जारी है। जिसकी वजह से खाने पीने की भी सामग्री महंगी हो गई है। माध्यम वर्ग के लोग महंगाई से परेशान हैं। इसके साथ ही रोजगार के लिए युवा दर-दर भटकने को तैयार है। भाजपा सरकार अब जनता को गुमराह करने का काम कर रही है।
यह भी पढ़ें: रानीगंज सपा विधायक की कार पलटी, भाई समेत चार घायल
किसानों की हालत है खराब
रामपुर खास की एमएलए आराधना मिश्रा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार एक तरफ नारी सशक्तीकरण का नारा लगा रही है और दूसरी तरफ सोनिया गांधी को ईडी के जरिए तबीयत खराब होने के बावजूद नाजायज घेराबंदी में जुटी हुई है। आगे प्रदेश सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में बिजली की भारी कमी व सूखी नहरों के कारण किसानों की हालात खराब है। किसानों की पीड़ा से सरकार बेखबर है।
Updated on:
25 Jul 2022, 7:30 PM IST
Published on:
25 Jul 2022, 7:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.