इलाहाबाद. फूलपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी द्वारा कौशलेंद्र सिंह पटेल का नाम घोषित होते ही डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या सोमवार को इलाहाबाद मोर्चा संभालने पहुंच गए। इलाहाबाद पहुंचते ही उन्होंने सपा और कांग्रेस पर हमला करते हुए फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में एतिहासिक जीत दर्ज करने की बात कही।
बीजेपी से कौशलेंद्र सिंह का नाम घोषित होते ही डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या इलाहाबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा यह सच है कि मेरे परिवार से प्रत्याशी को उतारने की बात जरूर चली थी। लेकिन मैं परिवारवादी नहीं हूं, कार्यकर्तावादी हूं। इसलिए मैने नेतृत्व को अनुरोध किया और नेतृत्व ने एक कार्यकर्ता को चुनाव में उतारा है। उन्होंने कहा कि फूलपुर से कौशलेंद्र सिंह पटेल प्रत्याशी के रूप चुनाव लड़ेंगे। लेकिन यह चुनाव कौशलेंद्र नहीं बल्कि केशव प्रसाद मौर्या लड़ रहे हैं। यहां कौशलेंद्र की नहीं बल्कि मेरी प्रतिष्ठा दांव पर है।
उन्होंने कहा कि 2014 में जिस केशव प्रसाद मौर्या को फूलपुर की जनता ने सांसद बनाया था। उस जनता से मैने विकास के रूप में ब्याज सहित कर्ज उतारने का वादा किया था। अभी वह कार्य पूरा होना बाकी है। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि दोनों ही पार्टियों ना तो केंद्र में हैं और ना ही राज्य में हैं। इसलिए जनता फूलपुर की जनता उन्हे पसंद नहीं करेगी। जनता ने केंद्र के साथ राज्य मंे एक सरकार बना कर विकास का रूप देखा है। फूलपुर की जनता विकास देखना चाहती है। दोनों ही पार्टियों की बुरी हार होगी।
इसलिए उतारा कौशलेंद्र को
उन्होंने पत्रकारवार्ता मंे बाहरी प्रत्याशी को मैदान मंे उतारने के सवाल पर कहा कि प्रत्याशी को कहीं से भी चुनाव लड़ने की छूट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी , सोनियां गांधी भी जहां से चुनाव लड़ी हैं। वहां के नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास एक नहीं अनेक कार्यकता हैं जो लोकसभा का चुनाव लड़ कर जीतने की क्षमता रखते हैं। कौशलेंद्र सिंह पटेल बीजेपी के कर्मठ नेता हैं। फूलपुर उपचुनाव में कौशलेंद्र सिंह रिकार्ड वोट से जीत दर्ज करेंगे। प्रत्याशी के बाहरी होने के नुकसान पर उन्होंने कहा कि बाहरी होने से बीजेपी को कोई नुकसान नहीं होगा।
फूलपुर ने बदली है मेरी किस्मत
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि 2014 लोकसभा चुनाव में फूलपुर की जनता ने जो आर्शिवाद दिया। उससे मेरी किस्मत बदल गई। फुलपुर सांसद बनने के बाद मुझे चार बड़ी सफलताएं मिलीं। पहले फूलपुर से सांसद बनाया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उसके बाद मुझे डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी मिली। फिर विधानसभा में निर्विरोध मुझे जगह मिली। यहां की जनता के आर्शिवाद से मैं लगातार बढ़ता जा रहा हूं।
जीत का बनेगा रिकार्ड
उन्होंने कहा कि फूलपुर की जनता ने 2014 लोकसभा चुनाव में रिकार्ड बहुमत से मुझे जीताने का काम किया था। उस चुनाव में पंडित जवाहर लाल नेहरू से भी अधिक वोटों से जीत दर्ज किया था। इस उपचुनाव में भी फूलपुर की जनता पर पूरा विश्वास है। मुझे उम्मीद है कि फूलपुर की जनता एक बार फिर एतिहासिक अंतर से बीजेपी को जीत दिलवाएगी।