21 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

34वीं इंदिरा मैराथन में पुरुषों में धोनी ने बाजी मारी, महिलाओं में ज्योति लगातार छठवीं बार विजेता

विजेता और दूसरे स्थान वाले के बीच सिर्फ दो सेकेंड का अंतर, 2 घंटे 19 मिनट 12 सेकेंड में पूरी की 42.195 किलोमीटर की दूसरी

3 min read
Google source verification
 indira marathon

34वीं इंदिरा मैराथन में धोनी ने बाजी मारी, महिलाओं में ज्योति लगातार छठवीं बार विजेता

प्रयागराज। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर उनके शहर प्रयागराज में मैराथन का आयोजन किया गया। सुबह 6:30 बजे 34वीं अखिल भारतीय इंदिरा मैराथन को इंदिरा गांधी की जन्मस्थली आनंद भवन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। आनंद भवन से शुरू हुई मैराथन लगभग तीन घंटे बाद मदन मोहन मालवीय स्टेडियम पर समाप्त हुई। 42.195 किलोमीटर की इंदिरा मैराथन में 742 धावक शामिल हुए। जिसमें 684 पुरुष और 58 महिला एथलीट हैं। वहीं, 10 किलोमीटर की क्रॉसकंट्री रेस में 4917 धावकों ने हिस्सा लिया।

मैराथन में शामिल होने आए धावकों में खासा उत्साह और जोश देखने को मिला। इससे पूर्व जिलाधिकारी सुहास एल वाई ने आनंद भवन से हरी झंडी दिखाकर मैराथन धावकों को रवाना किया। प्रतियोगिता जीतने की होड़ सब में दिखी। मैराथन और क्रॉस कंट्री में शहर के आम लोग भी उत्साह से शामिल हुए। अलग—अलग स्थानों पर धावकों के उत्साहवर्धन के लिए लोग खड़े रहे।

मैराथन में झंडा गाड़ते रहे हैं धोनी

34वीं अखिल भारतीय मैराथन दौड़ में उत्तराखंड चंपावत के रहने वाले बीएस धोनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। धोनी ने 2 घंटे 19 मिनट 12 सेकेंड में यह रेस पूरी कर खिताब अपने नाम किया। धोनी सेना की नागा रेजीमेंट में नायब सूबेदार हैं और अभी पुणे में तैनात हैं। वे इससे पहले भी इंदिरा मैराथन में भाग ले चुके हैं। इससे पहले 2017 मुंबई मैराथन में उन्होंने दूसरा स्थान प्राप्त किया था। इसी साल दिल्ली मैराथन में भी दूसरा स्थान मिला था।

दूसरे स्थान पर सिख रेजीमेंट के यशपाल

दूसरे स्थान पर अमृतसर पंजाब के रहने वाले यशपाल सिंह रहे। सिख रेजीमेंट के यशपाल बीते साल 2017 में इंदिरा मैराथन के विजेता रहे थे। यशपाल सिंह की पोस्टिंग भी पुणे में है। यशपाल केवल दो सेकेंड से पीछे रहे और 2:19:14 में समय के साथ इन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।

हरियाणा के करन सिंह तीसरे नंबर पर

तीसरे स्थान पर महेंद्रगढ़ हरियाणा के रहने वाले करन सिंह रहे। करन सिंह नायब सूबेदार हैं। करण 2013 में इंदिरा मैराथन में पांचवें स्थान पर रहे थे। करण ने 2017 की पुणे मैराथन में पहला और मुंबई 2014 में हुई मैराथन में भी पहला स्थान प्राप्त किया था।

लगातार छठीं बार विजेता बनीं ज्योति

34वीं इंदिरा मैराथन दौड़ महिला वर्ग विजेता पहले स्थान पर ज्योति शंकरराव गवते रहीं। महाराष्ट्र की ज्योति ने 2 घंटे 52 मिनट 56 सेकेंड का समय निकालकर लगातार छठी बार महिला वर्ग में प्रथम आने का खिताब अपने नाम किया। इस ग्रुप वर्ग में पश्चिम बंगाल की श्यामली सिंह दूसरे स्थान (3 घंटे 03 मिनट 49 सेकेंड) और वाराणसी की रानी यादव (3 घंटे 12 मिनट 56 सेकेंड) तीसरे स्थान पर रहीं।