
Online coolie booking railway station | फोटो सोर्स- barbie18_ Instagram
Online Coolie Booking News: रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन से उतरते ही कुली को ढूंढने की दिक्कत, उनके पीछे भागना और फिर किराए को लेकर बहस करना अब इन सभी समस्याओं से यात्रियों को जल्द ही छुटकारा मिलने वाला है। भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए एक अनूठी पहल करने जा रहा है, जिसमें उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने देश में पहली बार कुलियों की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू करने की पहल की है। इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद जल्द ही यात्री घर बैठे या ऐप के जरिए कुली की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे।
रेलवे की इस नई सुविधा का उपयोग करना बहुत ही आसान है। यात्री अपने फोन में रेलवे के अधिकृत ऐप या वेबसाइट के जरिए ट्रेन के आने-जाने के समय के अनुसार कुली को पहले ही बुक कर सकेंगे। जब यात्री स्टेशन पहुंचेंगे, तो उनका बुक किया गया कुली पहले से ही संबंधित जगह पर उनको मिलेगा। इसके लिए एक डिजिटल पेमेंट सिस्टम भी बनाया जाएगा, जिससे यात्रियों को पहले से ही पता होगा कि उन्हें कुली को कितना पैसा देना है।
त्योहारों या भीड़-भाड़ के समय अक्सर यह शिकायत आती है कि कुछ कुली यात्रियों से मनमाना किराया वसूलते हैं। जिसकी वजह से कई बार यात्रियों और कुलियों के बीच झगड़ा भी हो जाता है। ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम शुरू होने से मनमाने किराए की समस्या जड़ से खत्म हो जाएगी और कुलियों के काम में भी अनुशासन आएगा।
शुरुआती चरण में यह सुविधा प्रयागराज मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर शुरू की जाएगी। इनमें प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, कानपुर सेंट्रल, मिर्जापुर, इटावा और अलीगढ़ जैसे बड़े स्टेशनों पर यह सुविधा शुरू की जा रही है। अगर यह ट्रायल सफल रहता है, तो आने वाले टाइम में इसे देश के दूसरे रेलवे स्टेशनों में भी शुरू की जा सकती है।
इस नई पहल पर बात करते हुए उत्तर मध्य रेलवे के सीनियर डीसीएम हरिमोहन ने कहा कि यात्रियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं देना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है। रेलवे की इस नई पहल से न केवल यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि उनकी यात्रा भी बहुत ज्यादा सुविधाजनक और टेंशन- फ्री होगी।
Published on:
02 May 2026 12:50 pm
