
प्रयागराज. Mahant Narendra Giri Death : अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि के सुसाइड के बाद एक वीडियो सामने आया है। यह उसी कमरे का वीडियो है, जिसमें नरेंद्र गिरि का शव मिला था। वीडियो उस वक्त का है जब पुलिस कमरे में पहुंची थी, और नरेंद्र गिरि का शव जमीन पर लिटाया गया है। 1 मिनट 45 सेकंड के इस वीडियो में पुलिस अधिकारी मठ में मौजूद शिष्यों से पूछताछ करते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में पंखा चल रहा था और रस्सी के तीन भाग दिख रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है।
वीडियो में दिखता है कि कमरे में पुलिस पहुंचती है, तब वहां पर महंत नरेंद्र गिरि का शव जमीन पर था और उनके पास उनका ही एक शिष्य खड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। साथ ही प्रयागराज आईजी जोन केपी सिंह महंत के शिष्यों से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस के पहुंचने से पहले शव उतारने को लेकर मौजूद लोग बता रहे हैं कि महंत को फंदे पर लटका देखकर वे घबरा गए और उन्होंने आनन फानन में रस्सी का फंदा काटकर नीचे उतारा कि हो सकता है कि उनकी सांसें चल रही हों।
तीन टुकड़े में दिखी रस्सी
वीडियो में कमरे का पंखा चलता हुआ दिख रहा है और पीले रंग की नॉयलॉन की उस रस्सी का एक हिस्सा भी फंसा नजर आता है। जिसमें बनाए गए फंदे पर महंत का शव पर मिला। वीडियो में जमीन पर मृत पड़े महंत के गले में रस्सी का एक टुकड़ा भी फंसा दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही तीसरा हिस्सा कांच के मेज पर दिखाई दे रहा है।
मठ के कर्मचारी ने ही काटा था फांसी का फंदा
मठ के कर्मचारी सर्वेश द्विवेदी ने बताया है कि उन्होंने ही फांसी का फंदा काटा था। तीन चार दिन पहले महंत नरेंद्र गिरि ने उससे ही नायलान की रस्सी कपड़े सुखाने के लिए मंगाई थी। कमरे में पंखा चलने को लेकर सर्वेश द्विवेदी का कहना है कि भीड़ में किसी का हाथ स्विच पर लगा हो और पंखा चल गया होगा। जानबूझकर किसी ने पंखा नहीं चलाया होगा।
तलाशने होंगे इन सवालों के जवाब
भू-समाधि के बाद सामने आये इस वीडियो को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर जब सब लोग घबराए हुए थे तो यह वीडियो बनाया किसने? कहीं यह वीडियो एडिटेड तो नहीं है? पंखा किसने चलाया? पुलिस के आने से पहले शव को क्यों नीचे उतारा गया? जिस रस्सी से फांसी लगाई उसके तीन टुकड़े कैसे हुए?
Updated on:
23 Sep 2021, 1:39 PM IST
Published on:
23 Sep 2021, 1:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.