
Jawaharlal Nehru Statue
इलाहाबाद:पहले प्रधानमंत्री पं जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा को बालसन चौराहे से हटाने का मामला तूल पकड़ रहा है। कांग्रेस ने कहा इलाहाबाद ही नहीं देशभर की सड़कें और गलियां स्वतंत्रता संग्राम में दिए पंडित नेहरू के योगदान की ऋणी हैं। इसके बावजूद उत्तर प्रदेश सरकार राजनीतिक द्वेष से उनका अपमान करना चाहती है। समय आने पर इसका माकूल जवाब दिया जाएगा। वहीं प्रशासन का कहना है कि प्रतिमा सड़क के विस्तार के लिए हटाई गई और पुुराने स्थान से 30 मीटर दूर स्थापित कर दी गई है।
दरअसल कुंभ की तैयारियों के लिए चल रहे विकास कार्य के दौरान गुरुवार को बालसन चौराहे पर लगी पंडित नेहरू की प्रतिमा क्रेन की मदद से हटा दी गई थी। इससे कांग्रेसियों में भारी नाराजगी है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष संजय तिवारी ने पत्रिका से कहा, भाजपा सरकार महापुरुषों का सम्मान करना नहीं जानती। भाजपा उन्हीं नेताओं और महापुरुषों को महिमामंडित करती है, जिनसे उसका सियासी फायदा हो। तिवारी ने आरोप लगाया की नेहरूजी की प्रतिमा से थोड़ी दूरी पर पं दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा चौराहे पर बीचो.बीच स्थापित है,लेकिन उसे नहीं हटाया गया। उन्होंने कहा भाजपा सांसद श्यामाचरण गुप्ता के बंगले की दीवार बचाने के लिए सरकार के इशारे पर पं नेहरू की प्रतिमा हटाई गई है। तिवारी ने कहा भाजपाइयों को नेहरू की विचारधारा से डर लग रहा है।
कांग्रेस की खुली चुनौती
कांग्रेस प्रवक्ता अभय अवस्थी ने कहा प्रधानमंत्री कांग्रेसमुक्त भारत का दिवास्वप्न देख रहे हैं। वे देश से नेहरू की पार्टी को नहीं हटा पा रहे तो पंडित नेहरू के शहर में उन्हें अपमानित किया जा रहा है। अवस्थी ने कहा हमें डर है की सरकार पं नेहरू के निवास आनंद भवन और स्वराज भवन को लेकर भी साजिश रच सकती है। उन्होंने कहा की अगर नेहरू की प्रतिमा हटाने के बाद बाकी चौराहों पर लगी प्रतिमाएं नहीं हटीं तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
सम्मान सहित प्रतिमा सथापित ,प्राधिकरण
बढ़ते विरोध को देखते हुए इलाहाबाद विकास प्राधिकरण ने सफाई दी है। प्राधिकरण के मुताबिक कुंभ के लिए सड़कों का चौड़ीकरण हो रहा है। वाहनों और भीड़ को सुगमता से संचालित करने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा को सम्मान के साथ स्थानांतरित किया गया है। भारी होने के चलते उसे क्रेन के सहारे हटाया गया।बता दें की शहर से संगम जाने वाले मार्ग का चौड़ीकरण चल रहा है ।
Published on:
14 Sept 2018 03:42 pm
बड़ी खबरें
View Allप्रयागराज
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
