
महिला गिरफ्तार
इलाहाबाद. बहुचर्चित घोटाले के मामले में सालो से फरार चल रही, वांछित इनामी महिला को सोमवार की रात नैनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एलआईसी के नाम पर हुए करोड़ों के घोटाले के मामले में वांछित 20 हजार की इनामी महिला को नैनी के चाका गांव से गिरफ्तार किया गया। वांछित महिला की गिरफ्तारी के लिए हाइकोर्ट ने भी निर्देश जारी किया था। एसपी यमुना पार दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि नैनी क्षेत्र के चाका गांव की रहने वाली निशा पाण्डेय को गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक़ 17 मार्च 2014 को एलआईसी शाखा के मुख्य प्रबन्धक दुष्यन्त कुमार ने करोड़ों के घोटाले का मामला दर्ज कराया था।
इस मामले में चल रही जांच के बाद बताया गया है कि चाका के रहने वाले श्वेता पाण्डेय, निशा पाण्डेय, पुनित पाण्डेय रामबाबू एलआईसी शाखा नैनी के कैर्मचारी मुस्ताख खां व शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने मिलकर जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा पॉलिसी में कम्प्यूटर से जालसाजी व धोखाधड़ी करके धारकों के नाम बदलकर गबन कर लिया। पूरे पैसे को श्वेता पाण्डेय और निशा पाण्डेय के नाम ऋण के रूप में स्वीकृत कर आईसीआईसीआई बैंक के खाते में निफ्ट के जरिये ट्रान्सफर किया गया। लंबित मामले की विवेचना क्राइम ब्रांच कर रही थी। अभियुक्त पुनीत पाण्डेय और रमेश चन्द्र पाण्डेय एलआईसी में एजेंट का काम करते थे, और मुस्ताक खां और शैलेन्द्र प्रताप सिंह एलआईसी के कर्मचारी थे, जो इसी मामले में नैनी जेल में बंद है।
आरोपी निशा पाण्डेय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सालों तक चक्कर काटा, लेकिन वह पकड़ी नहीं जा सकी। इस मामले में हाईकोर्ट के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई भी की गई। कोर्ट ने निशा पाण्डेय को चार जुलाई तक गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश करने का निर्देश जारी किया था। कोर्ट के सख्त आदेश के बाद एसएसपी ने बीती 21 मई को बीस हजार रूपये का इनाम घोषित कर दिया था।
By Prasoon Pandey
Published on:
03 Jul 2018 07:39 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
