(पत्रिका ब्यूरो,मुंबई): महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण की मांग को लेकर सोमवार को फिर से हिंसा की घटनाएं हुईं जबकि एक आंदोलन समर्थक ने ट्रेन के समक्ष कूदकर आत्महत्या कर ली। आंदोलनकारियों ने सोमवार को पुणे-नासिक हाईवे पर चाकन औद्योगिक कस्बे में सरकारी और निजी वाहनों को पथराव कर नुकसान पहुंचाया। उन्होंने करीब 80 बसों, कारों तथा दोपहिया वाहनों में तोडफ़ोड़ की तो एक दर्जन अन्य वाहनों को आग लगा दी। पुणे ग्रामीण के पुलिस उपअधीक्षक गणपत राव चाकन में आंदोलनकारियों के पथराव में घायल हो गए। प्रशासन ने हालात को देखते हुए धारा 144 लगा दी और आंदोलनकारियों पर हल्का बल प्रयोग करने के अलावा आंसू गैस के गोले भी छोड़े। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ आंदोलनकारी चाकन पुलिस स्टेशन में जा घुसे जिससे चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। सोलापुर में भी पथराव की घटनाएं सामने आई हैं। यहां वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया।