
तीन बच्चों की मां से की दूसरी शादी, बाद में बच्चों से ही पता चली ये बात
रायबरेली. शिवगढ़ थाना क्षेत्र के लाल सिंह का पुरवा मजरे गुमावां में अनुसूचित जनजाति के ढ़ेरों पर खर-फूस की बनी झोपड़ी की बडेर में संदिग्ध परिस्थितियों में नवदंपति के शव दुपट्टे के फंदे में लटकते मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे शिवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीराम, गुमावां चौकी इंचार्ज त्रियुगी नारायण मिश्रा ने परिजनों से पूछताछ कर पंचायत नामा भरने के पश्चात शवों को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है।
मृतक पूरन के पिता रामगुलाम ने बताया 8 बजे बहू की 2 साल की बच्ची साबिका रो रही थी। आवाज सुनकर हमारी पत्नी कुमारी ने बहू और बेटे को कई बार आवाज लगायी। जब दोनों नहीं बोले तो हमारी पत्नी कुमारी ने झोपड़ी में जाकर देखा तो मेरा बेटा पूरन (20) झोपड़ी की बड़ेर में दुपट्टे के फंदे लटका था। जिसको देखकर हमारी पत्नी चीख पड़ी। चीख पुकार सुनकर हम दौड़ कर आए और अपने बेटे को बाहों में उठा लिया। उसके बाद कपड़ों की आड़ में दिख रही बहू पूजा को कई बार आवाज दी और मैं रो-रो करने लगा कि कम से कम बता दिया होता तो बेटे को फांसी लगाने नहीं देता, किंतु जब कई बार आवाज देने के बाद बहू नहीं बोली तो माचिस की तीली जलाकर रस्सी में टंगे कपड़े हटाकर देखा तो बहू पूजा (25) भी दुपट्टे के फंदे से बडेर में लटकी थी। जिसके बाद ग्राम प्रधान और पुलिस को सूचना दी गई। शिवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीराम का कहना है कि पति पत्नी के शव अलग-अलग दुपट्टे से झोपड़ी की बड़ेर से लटके मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, पंचायत नामाभरकर शवों को पीएम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दंपति की मौत से अनाथ हो गए बच्चे
पति-पत्नी की मौत से उनके तीन बच्चों के सिर से मां-बाप का साया उठ गया है। छोटे-छोटे मासूम बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। जो बिलख-बिलख कर मां बाप को इधर उधर खोज रहे हैं। मृतक के पिता रामगुलाम ने बताया कि 15 दिन पूर्व ही हमारा बेटा पूरन बहू पूजा को बिदा करा कर लाया था। जिसके पहले पति के दो लड़की और एक लड़की हैं। जिनमें से घटना के समय मंझला बेटा शिवम हमारे पास लेटा था और पुत्री साबिका (2) बहू और बेटे के साथ झोपड़ी में थी। बड़ा बेटा उधम (8) अपनी नानी के यहां है। बेटी साबिका की रोने की आवाज सुन कर हमारी पत्नी गई तो घटना की जानकारी हुई। वहीं सूत्रों की माने तो बृहस्पतिवार की शाम पति-पत्नी में किसी बात को लेकर आपस में लड़ाई झगड़ा हुआ था जो दोनों की मौत का कारण हो सकता है।
मृतका पूजा के मायके को नहीं दी गई सूचना
मृतक पूरन के पिता रामगुलाम ने बताया कि बहू का मायका शादीपुर तकिया मोहम्मदाबाद जनपद बाराबंकी है। आवागमन ना होने के कारण वहां का कोई नंबर नहीं है इसलिए मौके पर बहू के मायके को सूचना नहीं दे पाया।
Updated on:
1 Sep 2018, 11:39 AM IST
Published on:
1 Sep 2018, 10:40 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.