
दंतेवाड़ा. नक्सलियों ने इंद्रावती नदी पार स्थित मालेवाही-कचनार मार्ग पर सड़क निर्माणकार्य में लगे वाहनों व मशीनों को आग के हवाले कर दिया। इस आगजनी से 4 ट्रैक्टर, 1 टिप्पर, 1 पोकलेन, 1 जेसीबी व 1 कांक्रीट मिक्सर को नुकसान पहुंचा है। ठेकेदार मारडूम का रहने वाला है। यह इलाका बस्तर जिले के मालेवाही थाना क्षेत्र में आता है।
दंतेवाड़ा के एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने घटना की पुष्टि करते बताया कि ठेकेदार पुलिस की सूचना दिए बगैर काम कर रहा था। गाडिय़ां भी गांव में ही रखता था। 3 दिन पहले ही इस इलाके में काम करने वाले ठेकेदारों को आगाह कर आगजनी की आशंका जताई गई थी। इसके बावजूद ठेकेदार ने काम करने की सूचना पुलिस को नहीं दी।
धमतरी: मुखबिरी के संदेह में ग्रामीण की हत्या
धमतरी में नक्सलियों ने मुखबिरी के संदेह में एक ग्रामीण की हत्या कर दी है। पुलिस के अनुसार जिले के नगरी विकासखंड के ग्राम घोरागांव निवासी युवक अमरदीप मरकाम (23) को कुछ नक्सलियों ने सोमवार की रात उसके घर से उठा लिया। सुबह कुछ लोग जब जंगल गए, तो उसकी लाश दिखाई दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार नक्सलियों को उस पर संदेह था कि वह मुखबिरी करता है। नक्सली कमांडर रवि उर्फ सन्नू की मुठभेड़ में हुई मौत के बाद से ही नक्सली इस क्षेत्र में पर्चेबाजी कर दहशत फैला रहे थे। पुलिस ने अज्ञात नक्सलियों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है।
कोंडागांव: पूर्व उपसरपंच पर की गोली मारकर हत्या
कोण्डागांव/नारायणपुर के टेमरूगांव के पूर्व उपसरपंच शत्रुघ्न की नक्सलियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात नक्सलियों की स्माल एक्शन टीम ने की है। शत्रुघन को गोली मारकर हमलावर जंगल की ओर भाग निकले। अफरा-तफरी में बाजार करने आए पति बाई व रमेश यादव समेत दो अन्य लोगों को भी गोली लग गई।
इनमे से एक को कोण्डागांव तो दूसरे को नारायणपुर जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों के मुताबिक दोनों ही घायलों की स्थिति ठीक है। जांच जारी है। एएसपी नारायणपुर नीरज चंद्रा ने बताया कि हमारी जांच जारी है कि घटना को किसने अंजाम दिया है। मृतक के शव का पीएम करवाकर परिजनों को सौप दिया गया है।
Updated on:
17 Feb 2021, 12:17 PM IST
Published on:
17 Feb 2021, 12:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.