
काउंसिलिंग के लिए पहुंचे स्टूडेंट्स ने किया हंगामा, सैकड़ों युवाओं ने लगाया सीट बेचने का आरोप
रायपुर. 961 सीटों के लिए आयोजित फेस टू फेस काउंसिलिंग के दूसरे दिन रविवार को राजधानी पहुंचे सैकड़ों अभ्यर्थियों ने हंगामा कर दिया। अभ्यर्थियों का कहना था कि पहले ही दिन 961 सीटों में से 909 सीटें कैसे भर दी गई। उन्होंने सीट बेचने का आरोप भी लगाया।
रविवार को 52 सीटों के लिए काउंसलिंग थी और प्रवेश लेने पहुंच गए 5 हजार से अधिक अभ्यर्थी। प्रवेश नहीं मिलने से नाराज अभ्यर्थियों ने अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा और तोडफ़ोड़ किया। अभ्यर्थियों के समर्थन में विभिन्न राजनीतिक दलों की छात्र इकाई उतर गई थी। इससे माहौल बिगड़ गया। दरअसल शनिवार को रात 2 बजे तक काउंसलिंग की गई। इससे दूरदराज के अभ्यर्थी इसमें शामिल नहीं हो पाए।
वे रविवार को तय समय पर पहुंचे, तो उन्हें काउंसिलिंग में शामिल होने का मौका नहीं मिल पाया। इससे विद्यार्थी नाराज हो गए और उत्पात मचाना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर एनएसयूआइ, छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस की छात्र इकाई, एबीवीपी के कार्यकर्ता भी पहुंच गए और नारेबाजी करते रहे।
इसकी सूचना पर सिविल लाइन और पंडरी पुलिस मौके पर पहुंची। शाम करीब 4 बजे सभी छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया। इसके बाद मामला शांत हो गया। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के दरवाजे में लगे शीशे को तोड़ दिया था।
उल्लेखनीय है कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीइआरटीसी) की ओर से प्रीबीएड 2018 की परीक्षा जून में आयोजित की गई थी। इसमें 14 हजार 51 सीटों के लिए 42 हजार 557 विद्यार्थी शामिल हुए थे। इसमें प्रवेश के लिए काउंसिलिंग चल रही है। अब तक तीन चरण की काउंसलिंग हो चुकी है, जिसमें 12 हजार 533 सीटों का आवंटन हो चुका है।
शनिवार और रविवार को 961 सीटों के लिए फेस टू फेस काउंसलिंग का आयोजन किया गया था। शनिवार को 909 सीटों पर प्रवेश हो गया था। 52 सीटों के लिए रविवार को बीटीआई में काउंसिलिंग चल रही थी।
इसमें 23 हजार से अधिक रैंक वालों को बुलाया गया था। एेसे हजारों अभ्यर्थियों पहुंच गए, लेकिन केवल 52 सीटों पर काउंसिलिंग हुई। बाकी विद्यार्थियों को अधिकारियों ने मना कर दिया। इससे विद्यार्थी नाराज हो गए। और हंगामा करने लगे।
आज ऑलइंडिया कोटे की काउंसलिंग: सोमवार को ऑल इंडिया कोटे की 307 सीटों पर फेस टू फेस काउंसलिंग होगी। इसमें भी जमकर हंगामा होने के आसार है।
निजी कॉलेजों को लाभ
परिजनों के मुताबिक अधिकारियों ने देर रात काउंसिलिंग कराकर निजी कॉलेजों को पहुंचाया है। कई निजी कॉलेज हैं, जिनकी सीटें खाली थी। उन सीटों पर कम रैंक वाले दूसरे राज्य के छात्र-छात्राओं को प्रवेश दे दिया गया है। परिजनों ने बताया कि देर रात तक काउंसिलिंग करने से असली हकदार विद्यार्थी नहीं पहुंच पाए। इस कारण उनके स्थान पर दूसरों को सीट अलॉट कर दिया गया है।
आधी रात तक चली काउंसिलिंग
नियमत: बीएड की काउंसिलिंग सुबह 10 से शाम 5.30 बजे तक निर्धारित की गई है, लेकिन शनिवार को अधिकारियों ने रात 2 बजे तक काउंसिलिंग कराई। इसमें 1 से लेकर 23 हजार रैंक वालों को बुलाया गया। और उन्हें रात में ही सीटें आवंटित कर दी। इनमें से अधिकांश अभ्यर्थियों एेसे हैं, जिन्हें देर रात तक काउंसिलिंग होने की जानकारी नहीं दी गई।
इस वजह से वे इसमें शामिल नहीं हो पाए। खासकर रायपुर से दूर दूसरे शहर के अभ्यर्थी इससे चूक गए। एससीईआरटीसी के अधिकारियों ने उन्हें किसी प्रकार से सूचना भी नहीं दी थी। रविवार को जब वे विद्यार्थी पहुंचे, तो उनकी सीटें किसी दूसरे को आवंटित थीं।
एक दिन में क्यों अलॉट की सीटें?
एससीइआरटीसी अधिकारियों की कार्यप्रणाली संदिग्ध है। 961 सीटों पर फेस टू फेस काउंसिलिंग के लिए शनिवार और रविवार को दो दिन तय किया गया था, तो शनिवार को ही 909 सीटों के लिए रात 2 बजे तक काउंसिलिंग क्यों की गई? शनिवार को शाम 5.30 बजे तक जितनी सीटों पर काउंसिलिंग होती, उतना करना चाहिए था।
बाकी सीटों के लिए रविवार को कर सकते थे। इसके बाद भी शनिवार को ही देर रात तक 909 सीटों को आवंटित कर देना और रविवार के लिए केवल 52 सीटों को बचाना, अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
शनिवार को ही क्यों पहुंचे सैकड़ों अभ्यर्थी
प्रदर्शन स्थल में मौजूद कई पालकों और छात्रों ने बताया कि रात 2 बजे तक काउंसिलिंग करके अधिकारियों ने दूसरे राज्य के विद्यार्थियों को सीटें अलॉट कर दी हैं।
देर रात तक काउंसिलिंग कराने की सूचना किसी भी विद्यार्थी को नहीं दी गई थी। केवल उन्हीं को दिया गया था, जिन्हें पहले से सीट आवंटित करने का तय कर लिया गया था। यही वजह है कि शनिवार को ही सैकड़ों विद्यार्थी पहुंच गए और देर रात तक काउंसलिंग की गई।
सीट के लिए तगड़ी स्पर्धा
प्रदेश में 145 बीएड कॉलेज हैं। इनमें कुल 14 हजार 51 सीटें हैं। इस वर्ष प्रीबीएड परीक्षा में 42 हजार 557 विद्यार्थी बैठे हैं। यह औसतन एक सीट के पीछे 3 विद्यार्थी है। मेरिट रैंक के आधार पर सीटों का आवंटन किया जा रहा था।
प्रीबीएड में शामिल कुल विद्यार्थियों में से 28 हजार 506 को प्रवेश नहीं मिल पाएगा। 12 हजार 533 सीटों को ऑनलाइन से भरा गया है। बाकी के लिए फेस टू फेस काउंसिलिंग की जा रही है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
1 Oct 2018, 8:47 AM IST
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़




