
राजस्व विभाग ने फिर से खोली इस पटवारी की फाइल, ACB के छापे में मिले थे आय से अधिक संपत्ति और करोड़ों भूखंडों के दस्तावेज
रायपुर। ACB के छापे के बाद भी 20 वर्षों से रायपुर खास पटवारी हल्का में टिके पटवारी की फाइल राजस्व विभाग ने फिर खोल दी है। विभाग के सचिव एनके खाखा ने एसीबी और रायपुर तहसील कार्यालय को पत्र लिखकर पटवारी के संबंध में जानकारी मंगाई है।
पत्रिका ने जब विभागीय सचिव को इस संबंध में जानकारी दी थी तो यह प्रकरण उनके लिए चौंकाने वाला था। पटवारी के निवास में अप्रैल 2016 में पटवारी पर एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने कार्रवाई कर आय से अधिक संपत्ति और करोड़ों के भूखंडों के दस्तावेज जब्त किए थे, उस पटवारी की फिर से उसी हल्के में पदस्थ कर दिया गया। पटवारी मिथिलेश पांडेय पर एसीबी की कार्रवाई और पूर्व में हुई शिकायतों के बाद भी उसे रायपुर खास से हटाया तक नहीं गया। एसीबी के छापे के बाद पटवारी को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद फिर उसी हल्के में पोस्टिंग करना चौंकाने वाला है।
विभागीय जांच भी बंद
रायपुर के कुछ बड़े तथा विवादित सीमांकन और नामांतरण के मामले में पांडेय के खिलाफ शिकायतें थी। लेकिन विभाग ने पटवारी के खिलाफ जांच बंद कर दी है। लगातार शिकायतों की वजह से करीब चार साल पहले पटवारी को रायपुर से बाहर भेज दिया गया था। वह आरंग में पदस्थ था, लेकिन दो-तीन महीने में उसकी पोस्टिंग वापस रायपुर हो गई। यहां उसे आमासिवनी का चार्ज मिला था, लेकिन कुछ दिन बाद उसकी पोस्टिंग रायपुर खास जैसे महत्वपूर्ण पटवारी हल्के में कर दी गई।
वर्जन
आपके द्वारा मिली जानकारी के बाद पटवारी की पोस्टिंग की फाइल मंगाई गई है। मामले की जांच करवाई जाएगी।
- एनके खाखा, सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग
Updated on:
22 Oct 2019, 9:23 PM IST
Published on:
22 Oct 2019, 9:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.