20 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Congress Muslim League: CWC के वंदे मातरम् प्रस्ताव पर अरुण साव का हमला, बोले- मुस्लिम लीग के रास्ते पर चल रही कांग्रेस

Chhattisgarh News: वंदे मातरम् प्रस्ताव को लेकर डिप्टी CM अरुण साव ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाया। कुर्सी दंगल, शराब घोटाला, गौठान और GEN Z पर भी साधा निशाना।
3 min read
Google source verification
Chhattisgarh Politics

अरुण साव ने वंदे मातरम् प्रस्ताव पर कांग्रेस को घेरा (photo source- Patrika)

Congress Muslim League: कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक में 2 मिनट वंदे मातरम् गाने का प्रस्ताव पारित होने के बाद छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से तुष्टिकरण की राजनीति करती आई है और CWC में पारित यह प्रस्ताव भी उसी राजनीति का हिस्सा है।

अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस कार्य समिति में वंदे मातरम् को लेकर जो प्रस्ताव लाया गया, वह देश के साथ धोखा है। उन्होंने कांग्रेस पर मुस्लिम परस्त राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस मुस्लिम लीग के रास्ते पर चल रही है। उनके मुताबिक, इस प्रस्ताव से कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति एक बार फिर प्रमाणित हो गई है।

Congress leader controversy: अभनपुर में कांग्रेस नेता के वीडियो पर भी निशाना

अभनपुर में कांग्रेस नेता द्वारा एक अधिकारी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौच किए जाने के वायरल वीडियो को लेकर भी अरुण साव ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कानून को अपने हाथ में लेना सबसे बड़ा नैतिक अपराध है। अधिकारियों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके मुख्यमंत्री रहते अधिकारियों को धमका-चमकाकर काम कराया जाता रहा होगा। अरुण साव ने दावा किया कि ऐसी धमकियों की वजह से उनके कई साथी आज जेल में हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से गाली-गलौच करना दुर्भाग्यपूर्ण है और ऐसे मामलों में कार्रवाई होनी चाहिए।

कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है- साव

उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज मुद्दाविहीन हो चुकी है। कांग्रेस नेताओं के स्तर और भाषा को लेकर उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि कांग्रेसियों की भाषा और उनके काम का स्तर लगातार नीचे जा रहा है। अरुण साव ने कहा कि अगर कांग्रेस की यही स्थिति बनी रही तो वह अपना अस्तित्व भी नहीं बचा पाएगी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से आत्ममंथन करने की बात कही और आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर लगातार आपसी खींचतान दिखाई दे रही है।

कुर्सी की लड़ाई पर भाजपा-कांग्रेस में फर्क बताया

सोशल मीडिया पर कांग्रेस के 'कुर्सी दंगल' वाले पोस्ट को लेकर पूछे गए सवाल पर अरुण साव ने कहा कि कुर्सी की लड़ाई कांग्रेस में चल रही है। उन्होंने भाजपा में ऐसी किसी भी तरह की स्थिति से इनकार किया।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भाजपा के नेता हैं और पार्टी एकजुट होकर काम कर रही है। सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक-एक गारंटी को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। साव ने कहा कि भाजपा में कुर्सी को लेकर कोई लड़ाई नहीं है, जबकि कांग्रेस के नेता आपस में ही झगड़ रहे हैं और यह सब सार्वजनिक रूप से दिखाई दे रहा है।

शराब घोटाले की जांच पर बोले- कार्रवाई जांच का हिस्सा

शराब घोटाला मामले में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के करीबियों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को लेकर भी अरुण साव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शराब घोटाला मामले में ED जांच कर रही है और जांच के दौरान होने वाली कार्रवाई प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने इस मामले में सरकार की ओर से किसी तरह के हस्तक्षेप के आरोपों पर सीधे तौर पर प्रतिक्रिया देने के बजाय कहा कि जांच एजेंसी अपना काम कर रही है।

गौठान के मुद्दे पर कांग्रेस से मांगा जवाब

गौठान को लेकर कांग्रेस के बयानों पर अरुण साव ने पलटवार करते हुए कांग्रेस के कार्यकाल पर ही सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में गौठान के नाम पर भ्रष्टाचार हुआ था। साव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को इस मामले में जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार गौ धाम योजना पर तेजी से काम कर रही है और इसके जरिए पशुधन संरक्षण तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

GEN Z और अधिकारियों के सोशल मीडिया से जुड़ने पर बोले साव

सोशल मीडिया पर GEN Z और अधिकारियों के जुड़ने को लेकर पूछे गए सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सोशल मीडिया का दौर है। सरकार और विभागों के काम की जानकारी जनता तक समय पर पहुंचे, इसके लिए अधिकारियों और विभागों का सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जनता तक सूचना पहुंचाने के माध्यम तेजी से बदल रहे हैं। ऐसे में विभागों को भी सोशल मीडिया के जरिए अपने काम और योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचानी चाहिए।