
राजधानी का बस टर्मिनल बेहाल (photo source- Patrika)
@tabir-hussain-7052 /Raipur Bus Terminal: छत्तीसगढ़ की राजधानी का भाठागांव स्थित इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) बेहाल है। यहां की जमीनी हकीकत व्यवस्थाओं की पोल खोल रही है। अंतरराज्यीय बस स्टैंड होने के बावजूद यहां बुनियादी सुविधाएं तक दम तोड़ती नजर आ रही हैं। रोजाना करीब 5 हजार यात्रियों की आवाजाही के बावजूद लोगों को पानी, ठंडक और सुरक्षा जैसी मूल सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी में 4 वाटर कूलर होने के बावजूद सिर्फ एक से ही ठंडा पानी मिल रहा है। रोटरी क्लब द्वारा दिया गया कूलर भी जवाब दे चुका है। 43-44 डिग्री तापमान में यात्री राहत के लिए तरस रहे हैं।
प्लेटफॉर्म पर कूलिंग की समुचित व्यवस्था नहीं है। यात्री पंखों के भरोसे समय काटने को मजबूर हैं। जहां जगह मिली, वहीं फर्श पर लेट जाते हैं। हालात ऐसे हैं कि आसपास आवारा श्वान भी नजर आ जाते हैं।
बस स्टैंड का एकमात्र एटीएम भी बंद पड़ा है। नकदी की जरूरत होने पर यात्रियों को बाहर मार्केट की ओर जाना पड़ता है।
इतने बड़े बस स्टैंड में महिलाओं के लिए अलग प्लेटफॉर्म तक नहीं है। ब्रेस्टफीडिंग या लैक्टेशन रूम जैसी जरूरी सुविधा भी नदारद है, जबकि यह अब मानक व्यवस्था में शामिल मानी जाती है।
बस स्टैंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए पूछताछ केंद्र की हालत भी बदहाल है। जहां उद्घोषणा कक्ष होना चाहिए, वहां किसी कमरे का नामोनिशान नहीं है। प्लेटफॉर्म के किनारे सिर्फ एक टेबल-कुर्सी रखकर औपचारिकता पूरी कर दी गई है। पूछताछ का बोर्ड तो लगा है, लेकिन कुर्सी अक्सर खाली रहती है। ऐसे में जानकारी लेने पहुंचे यात्री इधर-उधर भटकने को मजबूर हो जाते हैं।
43 डिग्री तापमान में भी ठंडा पानी उपलब्ध नहीं होना गंभीर लापरवाही है। एटीएम बंद है, अधिकारी जिम्मेदारी नहीं निभा पा रहे- आकाश तिवारी, नेता प्रतिपक्ष नगर निगम
नगर निगम किराया लेता है तो व्यवस्था भी सुनिश्चित करे। वेंडर पर सख्ती जरूरी है, कई बार शिकायत की जा चुकी है- सैयद अनवर अली, प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ
सवाल: चिलचिलाती गर्मी में ठंडा पानी क्यों नहीं मिल पा रहा?
जवाब: बस स्टैंड में 4 वाटर कूलर हैं, जिनमें से दो का पानी इसलिए ठंडा नहीं हो पा रहा क्योंकि यात्रियों द्वारा उनका लगातार उपयोग किया जा रहा है।
सवाल: एकमात्र एटीएम क्यों बंद पड़ा है?
जवाब: पहली बात स्पेस कम था, जिससे एटीएम कंपनी को दिक्कत हो रही थी। दूसरी बात, अपेक्षित ट्रांजेक्शन नहीं हो पा रहा था, इसलिए कंपनी ने इसे बंद करना उचित समझा।
सवाल: श्वान और यात्री एक साथ फर्श पर नजर आते हैं?
जवाब: वहां गार्ड की तैनाती की गई है। कभी-कभार कोई श्वान आकर बैठ जाता है या सो जाता है, इसे रोकने की कोशिश की जाएगी।
सवाल: महिलाओं के लिए अलग सुविधा क्यों नहीं है?
जवाब: इस संबंध में मेयर मैडम से चर्चा हुई है। महिलाओं के लिए अलग प्लेटफॉर्म और सुविधा पर विचार किया जाएगा।
Updated on:
25 Apr 2026 02:40 pm
Published on:
25 Apr 2026 02:34 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
