
bjp
रायपुर. मिशन-65 का लक्ष्य हासिल करने के लिए भाजपा के दिग्गज आज कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में जुटेंगे। मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष धरम लाल कौशिक की मौजूदगी में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जनता के बीच जाने वाले मुद्दों और विपक्ष के हमलों से निपटने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में टिकट के तमाम दावेदारों की नजर टिकी हुई है। बताया जाता है कि इस बैठक से पहले कोर ग्रुप की अहम बैठक होगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में टिकट वितरण के फार्मूले को अंतिम रूप दिया जा सकता है। इसके साथ ही विधानसभा सीटों के हिसाब से पर्यवेक्षकों की तैनाती की जा सकती है।
ये पर्यवेक्षक जिलों में आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदारों से मुलाकात कर नामों का पैनल तैयार करेंगे। पर्यवेक्षकों की ओर से मिले नामों पर प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में चर्चा होगी। इसके बाद समिति नामों का पैनल बनाकर राष्ट्रीय चुनाव समिति के पास भेजेंगी। अंतिम फैसला राष्ट्रीय चुनाव समिति की बैठक में ही लिया जाएगा।
मोदी-शाह के दौरे को लेकर चर्चा
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 21 सितम्बर को रायपुर और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 सितम्बर को जांजगीर-चांपा जिले में आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। बैठक में शाह और मोदी के दौरे को लेकर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी भी दी जाएगी, ताकि दोनों के दौरे को चुनाव लिहाज से भुनाया जा सके। मालूम हो कि प्रधानमंत्री मोदी 22 को मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की विकास यात्रा के दौरान जांजगीर-चांपा जिले में एक बड़ी सभा को संबोधित करेंगे।
पुराने कामों का होगा हिसाब-किताब
बैठक में प्रदेश कार्यसमिति की ओर से दिए गए कार्यों का हिसाब-किताब भी पेश किया जाएगा। पार्टी की ओर से वर्तमान में दो से तीन कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसमें अटल दूत कार्यक्रम सबसे महत्वपूर्ण है। इसके जरिए पार्टी हर बूथ में मतदाताओं के घरों तक पहुंचेगी। इसके अलावा पिछले दिनों राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में तय हुए कार्यक्रमों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
पेश होंगे प्रस्ताव
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव भी पेश होगा। चर्चा के बाद प्रस्ताव को पारित किया जाएगा। इस बार राजनीतिक प्रस्ताव के साथ कृषि प्रस्ताव भी आएगा।
Updated on:
14 Sept 2018 02:22 pm
Published on:
14 Sept 2018 02:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
