8 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भाजपा और कांग्रेस के बागियों का हाथ थाम सकते हैं जोगी-मायावती, मुख्य सीटों पर घोषणा आज

गठबंधन के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी सोमवार तक दोनों मुख्य दलों के उम्मीदवारों की अंतिम सूची का इंतजार कर रहे थे

2 min read
Google source verification
CGNews

भाजपा और कांग्रेस के बागियों का हाथ थाम सकते हैं जोगी-मायावती, मुख्य सीटों पर घोषणा आज

रायपुर . जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ और बहुजन समाज पार्टी का गठबंधन अपनी बची हुई कुछ सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के बागियों को टिकट दे सकता है।

बताया जा रहा है कि गठबंधन के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी सोमवार तक दोनों मुख्य दलों के उम्मीदवारों की अंतिम सूची का इंतजार कर रहे थे। पार्टी सूत्रों का कहना है, बची हुई सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के बाद दोनों दलों में से मजबूत बागी नेता को मौका दिया जा सकता है। जकांछ ने सोमवार को धर्मजयगढ़ से उम्मीदवार की घोषणा की। पार्टी महासचिव अब्दुल हमीद हयात ने बताया कि संतराम राठिया को धर्मजयगढ़ से प्रत्याशी बनाया गया है। जकांछ की शेष बची सीटों पर मंगलवार तक उम्मीदवारों की घोषणा हो सकती है।

इन सीटों पर घोषणा बाकी
जकांछ कोटे की 55 सीटों में से अब केवल मरवाही, कोटा, मनेंद्रगढ़ और महासमुंद सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा बाकी है। बसपा कोटे से अम्बिकापुर, कुनकुरी, भरतपुर-सोनहट और पाली-तानाखार में घोषणा बाकी है।

तीन सीटों पर जोगी परिवार
जकांछ की बची हुई चार सीटों में से तीन पर जोगी कुनबा ही ताल ठोक रहा है। मरवाही से अजीत जोगी खुद उम्मीदवार बनने वाले हैं, मनेंद्रगढ़ से उनके पुत्र अमित जोगी का नाम है। कोटा सीट से अभी अजीत की पत्नी रेणु जोगी विधायक हैं, कांग्रेस उनको उम्मीदवार नहीं बनाती तो उनका नाम वहां से तय है। इस कोटे से महासमुंद सीट बची है, जहां कोई अलग दावेदार आएगा। भाजपा ने यहां पूर्व विधायक पूनम चंद्राकर को और कांग्रेस ने नए चेहरे विनोद चंद्राकर को उम्मीदवार बनाया है।

रायपुर के प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में सोमवार को चंद्रपुर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। चन्द्रपुर विधानसभा में राजकुमार यादव को टिकट दिया गया है। दुर्गेश जायसवाल के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ता इसका विरोध कर रहे हैं। आरोप है कि कुछ दिनों पूर्व ही पार्टी में शामिल हुए यादव को टिकट दे दी गई।