5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

CG Job Alert: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी का मौका! निकायों में भर्ती की तैयारी तेज, 1127 पद खाली

Government Jobs in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में सरकारी विभागों के रिक्त पदों पर भर्ती की तैयारी तेज हो गई है। युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर जल्द मिलने की उम्मीद है।
2 min read
Google source verification
CG Job Alert

CG Job Alert: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी का मौका!(photo-patrika)

CG Job Alert: छत्तीसगढ़ में सरकारी विभागों के खाली पदों को भरने की कवायद तेज होती नजर आ रही है। दिसंबर में भाजपा सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के बीच सरकार की ओर से विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। खासतौर पर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए रिक्त पदों की जानकारी जुटाई जा रही है।

इसी कड़ी में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों से सीधी भर्ती के लिए रिक्त पदों की जानकारी मांगी है। इसके साथ ही उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, वन विभाग और पीएचई समेत अन्य विभागों में भी रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है।

CG Government Recruitment: 14 नगर निगमों में 1,127 पद रिक्त

जानकारी के अनुसार, प्रदेश के 14 नगर निगमों में कुल 1,465 स्वीकृत पद हैं। इनमें से 1,127 पद खाली पड़े हैं। यानी स्वीकृत पदों के मुकाबले बड़ी संख्या में पद लंबे समय से रिक्त हैं। इन रिक्त पदों पर फिलहाल संविदा, प्लेसमेंट और आउटसोर्स कर्मचारियों के जरिए कामकाज संचालित किया जा रहा है। सरकार ने चरणबद्ध तरीके से नियमित भर्ती की दिशा में प्रक्रिया शुरू की है।

फिलहाल 85 पदों पर सीधी भर्ती की तैयारी

नगरीय प्रशासन विभाग ने फिलहाल 85 पदों पर सीधी भर्ती के लिए सहमति दी है। इनमें राजस्व निरीक्षक के 10, सहायक राजस्व निरीक्षक के 30, सहायक ग्रेड-3 के 25 और उप अभियंता के 20 पद शामिल हैं। इन पदों की भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए विभागीय स्तर पर तैयारी की जा रही है। निकायों से रिक्त पदों की जानकारी मांगे जाने के बाद आने वाले समय में भर्ती प्रक्रिया को लेकर तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।

कई वर्षों से खाली हैं नियमित पद

नगरीय निकायों में नियमित कर्मचारियों की कमी का असर रोजमर्रा के कामकाज पर भी पड़ रहा है। राजस्व वसूली, संपत्तिकर, निर्माण कार्यों की निगरानी, इंजीनियरिंग, सफाई व्यवस्था, कार्यालयीन कार्य और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे कामों के लिए निकायों को संविदा और प्लेसमेंट कर्मचारियों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

कई निकायों में नियमित अमले की कमी को पूरा करने के लिए अलग-अलग एजेंसियों के माध्यम से प्लेसमेंट कर्मचारियों की सेवाएं ली जा रही हैं। वहीं, केंद्र और राज्य सरकार की परियोजनाओं में भी जरूरत के अनुसार संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों की तैनाती की जाती रही है।

युवाओं को भर्ती से बड़ी उम्मीद

सरकारी विभागों में लंबे समय से खाली पदों को भरने की प्रक्रिया तेज होने से प्रदेश के बेरोजगार युवाओं में उम्मीद बढ़ी है। नगरीय निकायों में ही 1,127 पद रिक्त होने के बावजूद अभी 85 पदों पर सीधी भर्ती की सहमति मिली है। यदि सरकार आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से अन्य रिक्त पदों को भी भर्ती के दायरे में लाती है, तो युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुल सकते हैं। साथ ही नगरीय निकायों में नियमित कर्मचारियों की कमी दूर होने से कामकाज में भी सुधार की उम्मीद है।

अन्य विभागों में भी भर्ती की कवायद

नगरीय प्रशासन विभाग के अलावा प्रदेश के अन्य सरकारी विभागों में भी रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया चल रही है। उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, वन विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग समेत कई विभागों में भर्ती की तैयारी की जा रही है। ऐसे में आने वाले समय में अलग-अलग विभागों में भर्ती से संबंधित और अधिसूचनाएं जारी होने की उम्मीद है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं की नजर अब इन भर्तियों पर बनी हुई है।