
सांसद ताम्रध्वज साहू बोले- चुनाव जीतने के बाद अन्य पिछड़ा वर्ग को ही नेतृत्व देगी कांग्रेस
रायपुर. कांग्रेस सांसद और पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष ताम्रध्वज साहू ने कहा कि शुरू से ही पिछड़ा वर्ग समाज का झुकाव कांग्रेस की ओर से रहा है। कांग्रेस में हर स्तर पर ओबीसी नेतृत्व है। उन्होंने कहा, आगे भी, चुनाव जीतने के बाद भी ओबीसी नेतृत्व ही रहेगा। उन्होंने कहा, दूसरी तरह पिछले 15 वर्ष से जो नेतृत्व है उसको सब जान ही रहे हैं। साहू सोमवार को राजीव भवन में पिछड़ा वर्ग विभाग की एक बैठक के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
यह बैठक संभागों में पिछड़ा वर्ग सम्मेलन कराने की तैयारियों से जुड़ी थी। कांग्रेस विधानसभा चुनाव से पहले पिछड़ा वर्ग को साधने के लिए 7 बड़े सम्मेलन करने जा रही है। इसके लिए एक व्यापक रणनीति तैयार हुई है। तय हुआ कि अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए आरक्षित सीटों पर भी पिछड़ा वर्ग को एकजुट किया जाएगा। आदिवासी और एससी प्रत्याशियों के लिए पिछड़ा वर्ग के सभी नेता काम करेंगे। इसी तरह पिछड़ा वर्ग बाहुल्य क्षेत्रों में आदिवासी और अनुसूचित जाति वर्ग के नेता भी अपनी महती जिम्मेदारी संभालेंगे।
भूपेश बघेल की तबीयत में सुधार
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल की तबीयत में दूसरे दिन कुछ सुधार हुआ है। डॉक्टरों ने बताया उनको निम्न रक्तचाप और गले में संक्रमण की वजह से दिक्कत हुई थी। उनकी हालत सुधरी है, लेकिन एक-दो दिन उनको डॉक्टरों की निगरानी में ही रखा जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सोमवार शाम भूपेश से मिलने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बघेल का हालचाल लिया, स्वस्थ होने की कामना की।
इस दौरान उन्होंने बघेल के स्वास्थ्य के संबंध में डॉक्टरों से बातचीत की। पार्टी के कार्यक्रम से कोण्डागांव गए भूपेश बघेल की तबीयत रविवार को अचानक खराब हो गई थी। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया। देर रात उन्हें राजधानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भाजपा ने बताया ओबीसी विरोधी
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कोमल जंघेल ने कहा कि चुनावी लाभ लेने के लिए कांग्रेस ओबीसी मतदाताओं को साधने की नाकाम कोशिश कर रही है। प्रदेश का हर एक ओबीसी मतदाता इस बात से अच्छी तरह वाकिफ है कि कांग्रेस उनके सर्वांगीण विकास की अवधारणा की हत्या करने वाली पार्टी है। उसके रहते ओबीसी का कल्याण कतई नहीं हो सकता।
यहां होना है सम्मेलन
4 अक्टूबर को बिलासपुर संभाग के चांपा में
5 अक्टूबर को रायपुर संभाग के बिलाईगढ़ और बलौदा बाजार में
7 अक्टूबर को दुर्ग संभाग के
कवर्धा में
8 अक्टूबर को सरगुजा संभाग के सूरजपुर में
9 अक्टूबर को बस्तर संभाग के चारामा और जगदलपुर में
Published on:
02 Oct 2018 01:49 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
