20 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मतदान के बाद कांग्रेस-भाजपा में हार-जीत को लेकर चिंतन शुरू

मतदान के प्रतिशत, बसपा-जनता कांग्रेस के गठबंधन और आम आदमी पार्टी की उपस्थिति से राजनीतिक पंडितों का गणित गड़बड़ा रहा है

2 min read
Google source verification
chhattisgarh chunav

मतदान के बाद कांग्रेस-भाजपा में हार-जीत को लेकर चिंतन शुरू

रायपुर. मतदान समाप्ति के बाद कांग्रेस-भाजपा में चिंतन का दौर शुरू हो गया है। इस बार हुए मतदान के प्रतिशत, बसपा-जनता कांग्रेस के गठबंधन और आम आदमी पार्टी की उपस्थिति से राजनीतिक पंडितों का गणित गड़बड़ा रहा है। उनका कहना है कि फिलहाल यह तय करना जल्दबाजी होगी कि इस बार जनता ने अपनी मुहर ‘विकास’ को या फिर ‘परिवर्तन’ पर लगाई है। इन सब के बीच प्रत्याशी और उनके समर्थक अपने स्तर पर जीत-हार का गणित बैठाने में जुट गए हैं। वहीं मतदान के प्रतिशत को देखकर कई चेहरे जीत को लेकर आश्वस्त दिख रहे हैं, तो कई की रंगत उड़ गई है। हालांकि विजय का सेहरा किसके सिर बंधेगा यह 11 दिसम्बर को तय होगा।

खुद का एक्जिट पोल तैयार करने में लगी भाजपा
भाजपा ने मतदान के दूसरे दिन ही अपना होमवर्क करना शुरू कर दिया है। सभी विधानसभाओं से बूथवार मतदान का प्रतिशत मंगाया जा रहा है। इसके अलावा स्थानीय कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया जा रहा है। इसके आधार पर पार्टी स्वयं का एक्टिज पोल तैयार करेगी। इसके बाद चुनाव की समीक्षा करने के लिए बैठक रखी जाएगी। यह बैठक भी एक-दो दिन में होने की संभावना है इसके बाद प्रदेश के अधिकांश दिग्गज नेता मध्यप्रदेश और राजस्थान में जाकर वहां चुनावी मोर्चा संभालेंगे। भाजपा प्रवक्ता उमेश घोरमोड़े का कहना है कि चौथी बार भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाना तय है।

कांग्रेस प्रत्याशी लगे बूथ के हिसाब-किताब में
चुनाव समाप्त होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशियों ने अपने स्तर पर ही समीक्षा बैठक लेनी शुरू कर दी है। कुछ प्रत्याशियों ने तो बुधवार को बूथ आंकड़ा निकलकर समीक्षा भी की। उनका मानना है कि बूथ से ही जीत की राह का पता चलेगा। कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर का कहना है कि इस बार परिवर्तन की लहर है। बूथों से मिले मतदान का आंकलन किया जा रहा है। एक-दो दिन के बीच प्रदेश कार्यालय में बैठक कर चुनाव की समीक्षा की जाएगी। उनका कहना है कि इस बार कांग्रेस ने एकजुट होकर लड़ाई लड़ी है और इसका फायदा मिलेगा।

कांग्रेस का इवीएम पर फोकस
चुनाव में आई इवीएम की खराबी के खबरों के बीच कांग्रेस स्ट्रांग रूम में रखी मशीनों की सुरक्षा को लेकर ज्यादा सतर्क हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने बुधवार को चुनाव के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम में एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्ट्रांग रूम में रखी इवीएम से छेड़छाड़ की आशंका जताते हुए प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को सजग रहने की हिदायत दी है। कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं को चौबीस घंटे स्ट्रांग रूम के पास जागरूकता के साथ निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

सोशल मीडिया के जरिए आभार
चुनाव के दूसरे दिन भाजपा-कांग्रेस के अधिकांश प्रत्याशियों का दिन आराम करने और कार्यकर्ताओं से संपर्क में गुजरा। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल सहित कांग्रेस-भाजपा के अन्य नेता सोशल मीडिया में सक्रिय रहे। इस दौरान उन्होंने सफल मतदान के लिए मतदाताओं का आभार भी व्यक्त किया।